कल्पना सोरेन ने गांडेय विस उपचुनाव हेतु नामांकन पर्चा भरा,मौके पर मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन समेत झामुमो के कई नेता रहे मौजूद

कल्पना सोरेन ने गांडेय विस उपचुनाव हेतु नामांकन पर्चा भरा,मौके पर मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन समेत झामुमो के कई नेता रहे मौजूद

30 Apr 2024 |  39

 

पूसू प्रतिनिधि,गिरिडीह।कोडरमा लोकसभा और गांडेय विधानसभा उपचुनाव को लेकर नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सोमवार को हॉट सीट बनी गांडेय विधानसभा उपचुनाव से झामुमो प्रत्याशी सह पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन नामांकन के लिए समाहरणालय पहुंचीं और पांच प्रस्तावकों व समर्थकों के साथ एआरओ डीएसओ गुलाम समदानी के पास नामांकन पर्चा भरा। इस दौरान सूबे के मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन,मंत्री बसंत सोरेन,मंत्री बादल पत्रलेख,मंत्री आलमगीर आलम,सत्यानंद भोक्ता,राज्यसभा सांसद सरफराज अहमद,मंत्री बेबी देवी,सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू,बगोदर विधायक विनोद सिंह,महुआ मांझी सहित पार्टी के कई नेता मौजूद थे।

 

नामांकन को लेकर कल्पना मुर्मू सोरेन रविवार को ही गिरिडीह आ गईं थीं।यहां रात्रि विश्राम करने के बाद सोमवार को झामुमो के प्रधान चुनावी कार्यालय उत्सव उपवन से कल्पना मुर्मू सोरेन का काफिला निकलकर सीधे समाहरणालय पहुंचा। इस दौरान उनके साथ राज्यसभा सांसद सरफराज अहमद, सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू,बगोदर विधायक विनोद सिंह, महुआ मांझी सहित पार्टी के कई नेता मौजूद थे।

 

नामांकन के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कल्पना सोरेन ने कहा कि जनता का आर्शीवाद उनके साथ है और इस चुनाव में उनकी जीत तय है। कहा कि इंडिया गठबंधन पूरी मजबूती के साथ गिरिडीह ही नही बल्कि पूरे देश में खड़ी है और लोकसभा चुनाव लड़ रही है।जिसका रिजल्ट आने वाले समय में दिखेगा।

 

इधर कल्पना मुर्मू सोरेन के नामांकन को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा समाहरणालय परिसर में बेहतर व्यवस्था की गई थी। वहीं पुलिस प्रशासन के द्वारा सुरक्षा को लेकर चाक चौबंद व्यवस्था की गई थी। खासकर कल्पना सोरेन के नामांकन में सीएम के शामिल होने के कारण एसपी दीपक कुमार शर्मा समाहरणालय में सुरक्षा व्यवस्था का खुद जायजा ले रहे थे। समाहरणालय के मुख्य गेट के पास ही डीएसपी कौशर के नेतृत्व में बड़े पैमाने पर पुलिस जवान तैनात थे। समारहणालय में जाने वाले लोगों की जांच करने के बाद ही अंदर जाने दिया जा रहा था।

ट्रेंडिंग