रूस की महिला पर्यटक ने आगरा को बताया असुरक्षित शहर, जानें 10 में से दी कितनी रेटिंग

रूस की महिला पर्यटक ने आगरा को बताया असुरक्षित शहर, जानें 10 में से दी कितनी रेटिंग

09 Apr 2026 |  13

 



आगरा।सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल एक वीडियो ने ताजनगरी आगरा में सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इंस्टाग्राम पर अलीशा नाम की रूसी पर्यटक ने अपने निजी अनुभव के आधार पर अपने घूमे हुए शहरों को 10 में से रेटिंग दी है।इसमें ताजनगरी आगरा और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का डरावना चेहरा दिखाया गया है।आगरा को सुरक्षा के लिहाज से दस में से तीन और दिल्ली को दो रेटिंग दी गई है।



ताजमहल विश्व विख्यात आगरा



आगरा मुहब्बत की निशानी ताजमहल से विश्व विख्यात है। ताजनगरी में अतिथि देवो भव की भावना के दावे किए जाते हैं।इस वीडियो पर आगरा समेत अन्य शहरों के हजारों कमेंट आ चुके हैं।रूसी महिला अलीशा ने भारत के अलग-अलग शहरों में घूमकर सुरक्षा की स्थिति को परखा।पोस्ट पर रिएक्शन देख अलीशा ने लिखा है कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनके वीडियो को लाखों व्यूज मिलेंगे।



रूसी महिला पर्यटक ने दिल्ली को और आगरा को दिए तीन नंबर 



रूसी महिला पर्यटक अलीशा ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को सबसे खराब बताकर दो और आगरा को तीन नंबर दिए हैं,लेकिन अलीशा ने इसकी कोई ठोस वजह नहीं बताई।इस रेटिंग ने बहस छेड़ दी है कि उत्तर भारत के इन दो शहरों में विदेशी महिलाओं को सुरक्षा की कमी महसूस होती है।



इस तरह के आए कमेंट



अलीशा की रेटिंग से आगरा के लोग भी लगातार कमेंट्स कर रहे हैं।कुछ लोग लिख रहे हैं कि आगरा और दिल्ली जैसे शहरों को छोड़कर सेवन सिस्टर्स घूमने जाओ।एक यूजर ने कमेंट किया है कि आगरा से यही उम्मीद थी।एक कमेंट में कहा गया है कि मैं आगरा से हूं और यकीन मानिए,इसे 3 अंक भी नहीं मिलने चाहिए,यह तो नकारात्मक में ही होना चाहिए।एक यूजर ने तो यहां तक लिख दिया कि दिल्ली को शून्य मिलना चाहिए।



लोग आगरा की खराब रेटिंग से हैरत में...



कई लोग ताजनगरी आगरा की खराब रेटिंग से हैरत में हैं और इसे दुष्प्रचार कह रहे हैं।कई राज्यों और शहरों के लोग कह रहे हैं कि हमारे यहां घूमने आइए,सब अच्छा मिलेगा।इसके जवाब में अलीशा ने लिखा है कि मुझे भारतीय लोगों से इतने व्यूज और फीडबैक की उम्मीद नहीं थी! अगर आप चाहते हैं कि मैं आपके खूबसूरत देश के बारे में और रील पोस्ट करूं, तो मेरे कमेंट को लाइक करें।



किस शहर को क्या रेटिंग



अलीशा ने सेफ्टी मीटर के अनुसार 9-9 अंक पाकर मनाली और ऋषिकेश सबसे सुरक्षित जगह हैं। इसके बाद 8-8 की रेटिंग के साथ जयपुर और गोवा सुरक्षा के लिहाज से घूमने के लिए सही हैं। जोधपुर को अलीशा ने 7 रेटिंग दी है।ताजनगरी आगरा को डरावना बताते हुए 3 रेटिंग दी है,जबकि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को दो रेटिंग के साथ सबसे असुरक्षित शहर करार दिया है।



पर्यटक असुरक्षित



खाली और सुनसान स्थानों पर लूट और छेड़छाड़ का डर।



लपकों की फौज पर्यटकों को ठगने के लिए हर जगह मौजूद।



छब्बी के लिए टैक्सी और ऑटो ड्राइवर महंगा सामान खरीदवाते हैं।



फर्जी वेबसाइट से टिकट और होटल की बुकिंग के नाम पर ठगी।


ट्रेंडिंग