पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
हजारीबाग।जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में ज्वेलरी दुकान में गोलीबारी कर लूट की घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में कुल सात अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है,इनके पास से हथियार,जिंदा कारतूस,मोबाइल और अपाची मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते बुधवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि बड़कागांव से हजारीबाग जाने वाली मुख्य सड़क पर टीपी-05 के पास कुछ संदिग्ध व्यक्ति किसी बड़ी आपराधिक घटना की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पवन कुमार के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की,जहां तीन संदिग्ध युवक झाड़ियों में छिपकर योजना बनाते पाए गए। पुलिस को देखते ही वे भागने लगे,लेकिन तत्परता से कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया गया।
पूछताछ में गिरफ्तार युवकों ने अपना नाम विनोद कुमार भुईयां,प्रिंस यादव और तेजु कुमार भोक्ता बताया। उन्होंने स्वीकार किया कि वे राहगीरों को लूटने की योजना बना रहे थे। साथ ही उन्होंने यह भी कबूल किया कि 7 फरवरी को बड़कागांव स्थित नंदनी ज्वेलर्स में लूट की घटना को उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था। इस दौरान दुकानदार पर फायरिंग भी की गई थी।
जांच में यह भी सामने आया कि इस लूटकांड की साजिश स्थानीय निवासी संदीप कुमार सोनी ने रची थी,जिसने पूरी रेकी कर अपराधियों को योजना बनाकर घटना को अंजाम दिलाया। पुलिस ने मामले में मोटरसाइकिल उपलब्ध कराने वाले सहित अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार लूटे गए जेवरों को पिघलाकर दूसरे राज्यों में बेच दिया गया है,जिसकी जांच जारी है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है और लोगों में भरोसा बढ़ा है।