गैस की किल्लत से कोयला और लकड़ी की बढ़ी मांग,ग्रामीण इलाकों में बढ़ा दबाव
गैस की किल्लत से कोयला और लकड़ी की बढ़ी मांग,ग्रामीण इलाकों में बढ़ा दबाव
10 Apr 2026 | 10
पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
चौपारण,हजारीबाग।प्रखंड क्षेत्र में रसोई गैस की बढ़ती किल्लत का सीधा असर अब स्थानीय बाजारों पर दिखने लगा है।गैस सिलेंडर की अनियमित आपूर्ति और बढ़ती कीमतों के कारण आम लोगों का रुख एक बार फिर पारंपरिक ईंधनों,कोयला और लकड़ी की ओर बढ़ गया है।इसके चलते बाजार में कोयले और लकड़ी की मांग में अचानक तेजी आई है।
इन दिनों बाजार में कोयले की कीमत 400 से 500 रुपये प्रति बोरी तक पहुंच गई है,जो पहले की तुलना में काफी अधिक है।मांग बढ़ने से आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है,जिससे कीमतों में और उछाल देखा जा रहा है।
स्थानीय विक्रेताओं का कहना है कि गैस की कमी के चलते कोयले की बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।वहीं कई ग्रामीण परिवार जंगलों की ओर रुख कर लकड़ी इकट्ठा करने को मजबूर हो रहे हैं। इससे पर्यावरण पर भी दबाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। जरूरत पूरी करने के लिए कुछ लोग बाइक से कोयला ढोकर चौपारण सहित आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही गैस की आपूर्ति सामान्य नहीं हुई, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।