पूर्वांचल सूर्य संवाददाता
देवघर।राजकीय श्रावणी मेला के सफल,सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन को लेकर रविवार सुबह उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने मेला क्षेत्र के विभिन्न रुटलाइन और बाबा बैद्यनाथ मंदिर प्रांगण का व्यापक निरीक्षण किया। उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की कठिनाई न हो और वे सुगमतापूर्वक बाबा पर जलार्पण कर सकें।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने बीएड कॉलेज,तिवारी चौक,जलसार पार्क और शिवराम झा चौक का दौरा किया। उपायुक्त ने इन क्षेत्रों में प्रशासनिक तैयारियों, बैरिकेडिंग,रूटलाइन व्यवस्था,साफ-सफाई,पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं की बारीकी से जांच की। मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों को कमियों को तत्काल दूर करने और व्यवस्थाओं को पूरी तरह चाक-चौबंद रखने का कड़ा निर्देश दिया गया।
उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने बाबा मंदिर के आसपास के क्षेत्रों और मंदिर प्रांगण का सघन निरीक्षण किया। वहां प्रतिनियुक्त अधिकारियों,दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि मेला ड्यूटी को केवल एक प्रशासनिक दायित्व न समझें, बल्कि इसे सेवा का एक पुनीत अवसर मानते हुए पूरी निष्ठा और सेवा भाव से श्रद्धालुओं की सहायता करें।
रविवार और आगामी सोमवारी को लेकर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने भीड़ प्रबंधन (क्राउड मैनेजमेंट) की समीक्षा की। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि कतारबद्ध तरीके से श्रद्धालुओं को आगे बढ़ाया जाए ताकि सुगम,सुरक्षित और व्यवस्थित जलार्पण सुनिश्चित किया जा सके।सुरक्षा के दृष्टिकोण से उपायुक्त ने सीसीटीवी कैमरों,नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) और सूचना केंद्रों को भी निरंतर सक्रिय और सतर्क रहने को कहा।
मौके पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा,अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार,जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, संबंधित दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।