दूसरी सोमवारी में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम जलार्पण पर फोकस,उपायुक्त ने अधिकारियों को दिए अहम निर्देश

दूसरी सोमवारी में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम जलार्पण पर फोकस,उपायुक्त ने अधिकारियों को दिए अहम निर्देश

10 Aug 2026 |  17

 



पूर्वांचल सूर्य संवाददाता



बासुकीनाथ।राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव के तहत दूसरी सोमवारी को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए उपायुक्त अभिजीत सिन्हा और पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार ने बासुकीनाथ स्थित मयूराक्षी कला मंच में मेला क्षेत्र में  प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों के साथ ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने कहा कि पिछले एक सप्ताह से सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा पूरी तत्परता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया गया है,जिसके कारण श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित तरीके से बाबा बासुकीनाथ का जलार्पण कराने में सफलता मिली है। उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों से इसी तत्परता एवं समन्वय के साथ दूसरी सोमवारी के दौरान भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने को कहा।



उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने निर्देश दिया कि सभी पदाधिकारी एवं कर्मी ससमय अपने-अपने कर्तव्य स्थल पर पहुंचना सुनिश्चित करें।ड्यूटी के दौरान किसी भी परिस्थिति में अपने पोस्ट को बिना सूचना के नहीं छोड़ें। किसी भी महत्वपूर्ण निर्णय अथवा उत्पन्न स्थिति के संबंध में कंट्रोल रूम को तत्काल अवगत कराएं तथा कंट्रोल रूम से प्राप्त निर्देशों पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने कहा कि किसी भी प्रकार की सहायता अथवा आवश्यक संसाधन की जरूरत होने पर वरीय अधिकारियों को तत्काल इसकी जानकारी दें।



एंट्री पॉइंट पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश देते हुए उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने कहा कि श्रद्धालुओं को बड़े बैग अथवा अनावश्यक सामान के साथ प्रवेश नहीं करने दिया जाए। एंट्री पॉइंट पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी इसकी विशेष रूप से निगरानी करें। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए सभी निर्धारित रूट लाइनों का उपयोग कराया जाए तथा प्रवेश व्यवस्था किसी एक रूट तक सीमित न रहे। 



चार पहिया वाहनों के लिए निर्धारित रूट का ही उपयोग कराने का निर्देश देते हुए उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने ट्रैफिक व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया।उपायुक्त ने कहा कि मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भीड़ कभी भी बढ़ सकती है, इसलिए सभी पदाधिकारी हर परिस्थिति के लिए तैयार रहें और आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।



उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने कहा कि मेला क्षेत्र की प्रत्येक गतिविधि पर सीसीटीवी के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है।ड्यूटी के दौरान अनावश्यक रूप से मोबाइल फोन के इस्तेमाल से बचें और अपना पूरा ध्यान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं व्यवस्था पर केंद्रित रखें। उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को अलर्ट मोड में रहते हुए कार्य करने तथा किसी भी विपरीत परिस्थिति की आशंका होने पर तत्काल वरीय अधिकारियों को सूचित करने का निर्देश दिया।



शिवगंगा में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने एनडीआरएफ एवं आपदा मित्रों को श्रद्धालुओं की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी श्रद्धालु को निर्धारित सुरक्षित सीमा से आगे नहीं जाने देने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने सभी संबंधित कर्मियों से सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित कराने को कहा।



उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने अग्निशमन सुरक्षा को लेकर भी सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सजग रहने को कहा। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी को अग्निशमन यंत्र के संचालन की जानकारी होनी चाहिए,जिन्हें इसके उपयोग की जानकारी नहीं है,वे आवश्यक रूप से इसका प्रशिक्षण प्राप्त करें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।



पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार ने कहा कि पिछले एक सप्ताह के दौरान सभी पदाधिकारियों एवं पुलिस बल ने पूरी तत्परता से अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया है।एसपी ने कहा कि कंट्रोल रूम से प्राप्त निर्देशों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई करें। सभी पदाधिकारी अपने कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों से पूरी तरह अवगत हैं और इसी भावना के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराएं।



एसपी पीताम्बर सिंह खेरवार ने कहा कि श्रद्धालुओं को अनावश्यक रूप से अधिक समय तक कतार में खड़ा न रहना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए,ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर ढंग से नियंत्रित करें,भीड़ कम हो या अधिक सभी पदाधिकारी समान गंभीरता एवं तत्परता के साथ अपनी ड्यूटी करें। एसपी ने कहा कि श्रद्धालुओं की संख्या कभी भी अचानक बढ़ सकती है, इसलिए पूरे मेला अवधि के दौरान सभी महत्वपूर्ण प्वाइंट पर प्रतिनियुक्त पदाधिकारी अलर्ट रहें और अपने पोस्ट को किसी भी परिस्थिति में बिना सूचना के नहीं छोड़ें।



उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान ने शिवगंगा में सुरक्षा मानकों का पूरी तरह अनुपालन सुनिश्चित कराने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। साथ ही मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए की व्यवस्था को उच्च कोटि का रखने का निर्देश दिया।शौचालय की नियमित साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा।



ब्रीफिंग के दौरान विभिन्न ओपी और महत्वपूर्ण प्वाइंट पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों ने अपनी-अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं से उपायुक्त अभिजीत सिन्हा को अवगत कराया। 



उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने वरीय पदाधिकारियों के साथ रूट लाइनों का निरीक्षण किया।इस दौरान उपायुक्त ने श्रद्धालुओं के आवागमन, प्रवेश और निकास व्यवस्था सहित विभिन्न बिंदुओं का जायजा लिया और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



बता दें कि दूसरी सोमवारी के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके लिए मेला क्षेत्र में प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को पूरी तत्परता,सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है।


ट्रेंडिंग