पूर्वांचल सूर्य संवाददाता
बासुकीनाथ।राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने को लेकर जिला प्रशासन लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहा है।इसी क्रम में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने बासुकीनाथ स्थित टेंट सिटी पहुंचकर वहां ठहरे श्रद्धालुओं से बातचीत की और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने श्रद्धालुओं से आवासन,पेयजल, स्वच्छता,बिजली,सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उपायुक्त ने श्रद्धालुओं से उनकी सुविधाओं और अनुभव के बारे में भी बातचीत की और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यकतानुसार व्यवस्थाओं को और बेहतर करने का निर्देश दिया।
इसके उपरांत उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने मेला क्षेत्र स्थित स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया।उपायुक्त ने स्वास्थ्य शिविर में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं,चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति और दवाओं की उपलब्धता का जायजा लिया। इस दौरान उपायुक्त ने विभिन्न दवाओं की जांच करते हुए निर्देश दिया कि स्वास्थ्य शिविर में श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा प्रदान की जा सके।
उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने स्वास्थ्यकर्मियों को श्रद्धालुओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करने और स्वास्थ्य संबंधी किसी भी आवश्यकता पर त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि मेला अवधि में श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वास्थ्य सुरक्षा जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता एवं व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।