विश्व आदिवासी दिवस पर धनबाद के न्यू टाउन हॉल में भव्य जिला स्तरीय समारोह आयोजित
जिला के विभिन्न जनप्रतिनिधिगण समेत जिला के वरीय पदाधिकारियों ने भगवान बिरसा मुंडा को माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि
पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
धनबाद।विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर धनबाद जिला प्रशासन द्वारा न्यू टाउन हॉल में एक भव्य जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों के विधायक,जनप्रतिनिधि,प्रशासनिक पदाधिकारी और बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए।समारोह का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा को माल्यार्पण कर और दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त आदित्य रंजन ने सभी को विश्व आदिवासी दिवस की बधाई व शुभकामनाएं दीं। आदिवासी संस्कृति,परंपरा और प्रकृति संरक्षण में समाज के योगदान की सराहना करते हुए उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन आदिवासी समुदाय के सर्वांगीण विकास, शिक्षा और अधिकारों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि आदिवासी समाज हमारी जल, जंगल,जमीन और पर्यावरण के वास्तविक संरक्षक हैं। उनकी जीवन शैली प्रकृति के प्रति सम्मान और संरक्षण का अद्भुत उदाहरण पेश करती है।जिला प्रशासन जनजातीय क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास,शिक्षा,स्वास्थ्य,रोजगार एवं मूलभूत सुविधाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सांस्कृतिक प्रस्तुति
समारोह के दौरान कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय गोविंदपुर और बलियापुर द्वारा पारंपरिक आदिवासी लोक नाटक और मनमोहक लोक नृत्यों की प्रस्तुति दी गई,जिससे पूरा प्रेक्षागृह तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।इसके अलावा आज आर्टिस्ट एसोसिएशन ऑफ झारखंड के कलाकारों द्वारा भगवान बिरसा मुंडा के जीवनी पर नाट्य मंचन किया गया।
वन पट्टा वितरण
वनाधिकार अधिनियम के तहत जिले के 29 योग्य लाभुकों के बीच औपचारिक रूप से वन पट्टा का वितरण किया गया, जिससे उन्हें उनके जमीन के अधिकार प्राप्त हुए।
साइकिल वितरण
शिक्षा को बढ़ावा देने और दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों की सुविधा के लिए सैकड़ों विद्यार्थियों के बीच साइकिल का वितरण किया गया। वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 में कुल 30961 साइकिल का वितरण किया गया।
सम्मान समारोह
इंटर और मैट्रिक की परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले आदिवासी समुदाय के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। साथ ही खेल के क्षेत्र में जिला और राज्य का नाम रोशन करने वाले प्रतिभावान खिलाड़ियों को भी मंच से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम के सफल मंच संचालन और उत्कृष्ट उद्घोषणा के लिए उद्घोषकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
रक्तदान शिविर
इस अवसर पर एक विशेष रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया,जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से आए युवाओं और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और रक्तदान कर सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया।
इस दौरान विधायक टुंडी मथुरा प्रसाद महतो,विधायक धनबाद राज सिन्हा,विधायक निरसा अरूप चटर्जी,जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह,महापौर धनबाद संजीव सिंह,उपायुक्त आदित्य रंजन,उप विकास आयुक्त सन्नी राज,नगर आयुक्त आशीष गंगवार,एसडीएम लोकेश बारंगे समेत कई जनप्रतिनिधि,जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी और लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।