पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,पाकुड़।पाकुड़ प्रखंड के विक्रमपुर ग्राम में अबुआ आवास योजना के लाभुकों को पक्का मकान मिला।पंचम राज्य वित्त आयोग झारखंड के अध्यक्ष अमरेन्द्र प्रताप सिंह,उपायुक्त मनीष कुमार और उप विकास आयुक्त महेश कुमार संथालिया और मुखिया ने संयुक्त रूप से लाभुक के नवनिर्मित अबुआ आवास का फीता काटकर और नारियल फोड़ कर गृह प्रवेश कराया।
लाभुक ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और जिला प्रशासन के प्रति अपना आभार जताया।कहा कि हम लोगों के पास रहने के लिए पक्का का मकान नहीं था,कच्चे मकान में किसी तरह गुजर बसर करते थे।सरकार के मदद से आज हम लोगों के पास पक्का का मकान बन गया।
अध्यक्ष अमरेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि अबुआ आवास योजना की शुरुआत झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा की गई थी। इस योजना का उद्देश्य राज्य के गरीब और बेघर नागरिकों को पक्का घर उपलब्ध कराना था। अबुआ आवास योजना के तहत, लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि अबुआ आवास योजना राज्य सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है,जिसके माध्यम से बेघर और जरूरतमंद लोगों को सम्मानजनक जीवन जीने हेतु छत उपलब्ध कराई जा रही है।उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री का सपना है कि सभी का अपना घर हो। इसके लिए जिला प्रशासन प्रयासरत है।
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि घर देखकर बहुत ही अच्छा लगा और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूर लेने का अनुरोध किया।साथ ही लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण करने का अनुरोध किया।कहा कि आज पूरे जिले में 1500 अबुआ आवास में एक साथ गृह प्रवेश हो रहा है। उपायुक्त ने कहा कि पूरा जिला प्रशासन आप लोगों के साथ है।सभी प्रखंडों में जनप्रतिनिधियों एवं वरीय पदाधिकारियों ने लाभुकों को गृह प्रवेश करवाया।पाकुड़ प्रखंड में 700, हिरणपुर प्रखंड में 200, लिट्टीपाड़ा में 150, अमड़ापाड़ा में 50, महेशपुर प्रखंड में 200, पाकुड़िया प्रखंड में 200 लाभुकों ने अपने अबुआ आवास में गृह प्रवेश किया।