पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,बरकट्ठा।प्रखंड क्षेत्र के बड़की टाड़ के जंगल में मंगलवार को हाथियों का एक झुंड पहुंच गया। अचानक हाथियों को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गयी। ग्रामीण घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे।हाथियों के आने की सूचना पर वन विभाग की टीम और गोरहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीण और प्रशासनिक टीम ने मिलकर डुगडुगी बजाकर और पटाखे फोड़कर हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास किया।
ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों के आने से फसलों को नुकसान होने की आशंका रहती है और कभी-कभी यह जनहानि का कारण भी बन जाते हैं। वहीं वन विभाग के कर्मियों ने लोगों से अपील की है कि वे हाथियों के पास जाने की कोशिश न करें, बल्कि सुरक्षित दूरी बनाए रखें। विभाग लगातार हाथियों के झुंड की गतिविधियों पर नजर रख रहा है ताकि हाथियों को आबादी वाले क्षेत्र से दूर रखा जा सके।
समाजसेवी रमेश यादव ने कहा कि हाथियों का आना यहां के किसानों और ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बनता जा रहा है। वन विभाग और प्रशासन को चाहिए कि ऐसे समय पर लगातार पेट्रोलिंग करे और ग्रामीणों को पहले से सचेत किया जाए। उन्होंने कहा कि वह ग्रामीण भी संयम और धैर्य से काम लें ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।
बता दें कि ग्रामीण, वन विभाग और पुलिस के संयुक्त प्रयास से हाथियों को धीरे-धीरे जंगल की ओर खदेड़ा गया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।