यूपी में आग का तांडव:अमरोहा,अयोध्या के साथ कई जिलों में भीषण अग्निकांड,लाखों का नुकसान

यूपी में आग का तांडव:अमरोहा,अयोध्या के साथ कई जिलों में भीषण अग्निकांड,लाखों का नुकसान

22 May 2026 |  9

 



लखनऊ।उत्तर प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार को आग ने तांडव मचाया।गोदाम,शोरूम,मकान और अस्पताल समेत कई जगहों पर भीषण आग लग गई।कहीं शॉर्ट सर्किट से माना से तो कहीं साजिश की आशंका जताई गई है।आग की घटनाओं से इलाकों में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई।फायर ब्रिगेड की टीमों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कई जगह लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।



अमरोहा में जूते-चप्पल के गोदाम में लगी भीषण आग,मच गया हड़कंप



अमरोहा नगर के बिजनौर रोड पर एक मोहल्ले में बने जूते-चप्पल के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई।आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।गोदाम में रखा सामान धू-धू कर जलने लगा।जानकारी के मुताबिक यह आग शॉर्ट सर्किट से लगी थी,देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया,हालांकि घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं।सीओ सिटी अभिषेक यादव भी मौके पर मौजूद रहे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।



हापुड़ में सड़क किनारे खड़ी कार में लगी आग



हापुड़ के फ्रीगंज रोड पर सड़क किनारे खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई।कार में आग लगने के बाद अफरा तफरी मच गई।हालांकि आशंका जताई जा रही है कि यह आग शॉर्ट सर्किट से लगी है।मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना का जायजा लिया।



हमीरपुर में कार बनी आग का गोला,पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप



हमीरपुर के मौदहा कस्बे में एक खड़ी कार देखते ही देखते आग का गोला बन गई।इसका वीडियो सोशल मीडिया पर अब तेजी से वायरल हो रहा है।कार मालिक का आरोप है कि कुछ लोगों ने कार पर पेट्रोल छिड़ककर कार में आग लगा दी,जब उसने उनका विरोध किया तो वो मौके से पर फरार हो गए। हालांकि इस मामले में पुलिस ने चार नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



एटा में तीन मंजिला मकान में लगी आग,महिला झुलसी



एटा जिले के जैथरा कस्बे में मुख्य बाजार में तीन मंजिला मकान में भीषण आग लगने से आसपास के इलाकों में भगदड़ मच गई।आग की चपेट में आने से घर और दुकान में रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया।घर में फंसी एक महिला को पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला, लेकिन वह गंभीर रूप से झुलस गई।जानकारी के मुताबिक थानाध्यक्ष रितेश ठाकुर पुलिस बल के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटे थे। थानाध्यक्ष ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया।आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।



उन्नाव में ई-स्कूटी शोरूम में लगी आग



उन्नाव के सोहरामऊ थाना क्षेत्र में लखनऊ-कानपुर नेशनल हाईवे पर ई-स्कूटी शोरूम में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।आसपास की दो-तीन दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया,हालांकि फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना जताई जा रही है जबकि हादसे में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।



अयोध्या के महिला अस्पताल में लगी आग,टला बड़ा हादसा 



अयोध्या में जिला महिला अस्पताल की चौथी मंजिल पर शॉर्ट सर्किट से आग लग गई।सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी,एसपी सिटी चक्रपाणि तिवारी और भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।


ट्रेंडिंग