उपायुक्त और एसपी ने जिले के विभिन्न पंडालों का किया निरीक्षण

उपायुक्त और एसपी ने जिले के विभिन्न पंडालों का किया निरीक्षण

01 Oct 2025 |  176

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,चतरा।जिले में दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए प्रशासनिक तैयारियों को परखने के लिए उपायुक्त  कीर्तिश्री जी और पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल ने टंडवा,सिमरिया और चतरा सदर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख दुर्गापूजा पंडालों के निरीक्षण पर निकले।



 



निरीक्षण के दौरान उपायुक्त कीर्तिश्री जी और पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल ने पूजा पंडालों में स्थापित प्रतिमाओं, मंडपों, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण व्यवस्था तथा दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय स्तर पर पदाधिकारियों और आयोजकों से सुरक्षा, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति, अग्निशमन, यातायात व्यवस्था और आपदा प्रबंधन से जुड़ी सभी तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली।



 



उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने कहा कि दुर्गापूजा जिले की आस्था और संस्कृति का सबसे बड़ा पर्व है,ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उपायुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि पूरे पर्व के दौरान दंडाधिकारी, पुलिस बल एवं आपातकालीन सेवाएं 24×7 सतर्क रहेंगी ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति का त्वरित समाधान किया जा सके।



 



निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर माता दुर्गा की प्रतिमाओं के दर्शन किए और व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया।इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष  ब्रजकिशोर तिवारी,अनुमंडल पदाधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक पदाधिकारी एवं आयोजक मंडल के सदस्य भी उपस्थित रहे।



 



अंत में उपायुक्त और एसपी ने आमजन और श्रद्धालुओं से अपील किया कि वे प्रशासन को सहयोग देते हुए शांति एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में पर्व का आनंद लें।


ट्रेंडिंग