रांची।राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में पिछले 24 घंटे के दौरान कई स्थानों पर बारिश के साथ आंधी चली।शुक्रवार देर रात झारखंड के कुछ जिलों में तेज बारिश हुई।संताल परगना के राजमहल में सबसे अधिक 64 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक झारखंड में 29 मार्च तक बारिश के साथ तेज आंधी चलने के आसार हैं। इसके अलावा संताल और कोल्हान प्रमंडल के जिलों में ओलावृष्टि होने की आशंका व्यक्त की गई है।
मौसम विज्ञान केन्द्र के मुताबिक...
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक झारखंड में पिछले 24 घंटे के दौरान रांची,जामताड़ा,पश्चिमी सिंहभूम,हजारीबाग,पूर्वी सिंहभूम,रामगढ़,लातेहार,सरायकेला खरसावां,गुमला, गिरिडीह,गोड्डा समेत अन्य जिलों में तेज हवा के साथ बारिश हुई।
बारिश से लुढ़का पारा
बारिश से झारखंड के अधिकतम तापमान में कमी आयी है। राजधानी रांची समेत अन्य जिलों के अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।रांची का अधिकतम तापमान तापमान 32.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे की तुलना में राजधानी रांची का अधिकतम तापमान दो डिग्री नीचे लुढ़का है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी एक डिग्री की कमी आयी है। रांची के दोनों तापमान सामान्य से दो डिग्री नीचे चल रहे हैं। वहीं झारखंड में सबसे अधिक तापमान मेदिनीनगर का 36.8 डिग्री दर्ज किया गया,जबकि यहां का न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रमुख स्थानों के तापमान
रांची 32.2 16.6
जमशेदपुर 34.3 20.2
मेदिनीनगर 36.8 20.5
बोकारो 33.5 21.2
चाईबासा 36.4 21.0
गरजेंगे बादल,पांच दिन मौसम रह सकता है खराब
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले 24 घंटे के दौरान राजधानी और पूरे राज्य में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा संताल और कोल्हान प्रमंडल के जिलों में ओलावृष्टि भी होने की आशंका है।
मौसम विभाग के मुताबिक...
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले दिन बांग्लादेश और आसपास के इलाकों पर बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन अब हिमालय के तराई क्षेत्र स्थिति पश्चिम बंगाल और आसपास पर केंद्रित है।वहीं ओडिशा के ऊपर एक अन्य साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इससे झारखंड में अगले पांच दिनों तक आंधी-गरज के साथ बारिश की संभावना बनी रहेगी।