रांची में गैस सिलेंडर के लिए लंबा इंतजार,अब भी 65 हजार का बैकलॉग,एक राहत

रांची में गैस सिलेंडर के लिए लंबा इंतजार,अब भी 65 हजार का बैकलॉग,एक राहत

29 Mar 2026 |  42

 



रांची।राजधानी रांची के कई इलाकों में शनिवार को गैस एजेंसियों की गाड़ियां गैस की होम डिलीवरी करती हुईं दिखी। हालांकि धुर्वा और कांके में कुछ जगह सिलेंडर के लिए लोगों की लाइनें दिखीं।इसपर गैस एजेंसियों का कहना है कि बैकलॉग के कारण बुकिंग के सात-आठ दिन बाद ही गैस की होम डिलीवरी हो पा रही है।इस वजह से कुछ जगह कतारें दिख रही हैं।लोगों से यह अपील है कि वे धैर्य बनाएं रखें। लोगों को सिलेंडर की डोर स्टेप डिलीवरी की जाएगी।



पहला सप्ताह



अमेरिका-इजराइल और ईरान में युद्ध शुरू होने के बाद मार्च महीने के पहले कुछ दिनों तक गैस सिलेंडर को लेकर शहर में मारामारी जैसी स्थिति नहीं थी।गैस एजेंसी के कार्यालय और गोदामों में कोई भीड़-भाड़ नहीं था।इस बीच सात मार्च को घरेलू और वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये और वाणिज्यिक सिलेंडर की कीमत में 114.50 रुपये प्रति सिलेंडर बढ़ोतरी हुई।



दूसरा सप्ताह



आठ मार्च से गैस एजेंसियों में लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई।कंपनियों ने दोबारा सिलेंडर लेने के लिए 25 दिन की कैपिंग लगा दी।गैस सिलेंडर लेने के लिए डीएसी कोड अनिवार्य कर दिया गया।नौ मार्च को भी स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ।गैस सिलेंडर के लिए एजेंसियों के बाहर लंबी लाइन लगनी शुरू हो गई। इसके बाद दस मार्च को एसडीओ ने पेट्रोलियम कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक की।हालांकि इस बीच कॉमर्शियल सिलेंडर बाजार में ऊंचे दाम पर बेचे जाने लगे। फिर रांची में सिलेंडर बैकलॉग की संख्या बढ़ने लगी।बुकिंग के सात-सात दिन बाद भी लोगों को सिलेंडर की होम डिलीवरी नहीं हो रही थी।होटल-रेस्टोरेंट में गैस सिलेंडर की जगह डीजल भट्टी और कोयले का इस्तेमाल शुरू हो गया।पैनिक बुकिंग के कारण कंपनियों के बुकिंग सर्वर भी ठप होने लगे।कोयले की मांग बढ़ने से इसकी कीमत में बढ़ोतरी हुई। कई होटलों में मेन्यू सीमित कर दिया गया। फास्ट फूड ठेले बंद होने शुरू हो गए। इंडक्शन चूल्हे की मांग बढ़ गई।



तीसरा सप्ताह



पैनिक बुकिंग और बैकलॉग बढ़ने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने नए कनेक्शन के लिए आवेदन देना शुरू कर दिया। इसके बाद गैस एजेंसियों ने नए कनेक्शन पर अस्थायी रोक लगा दी। 17 मार्च को जिला प्रशासन की ओर से गैस सिलेंडर की होम स्टेप डिलीवरी के निर्देश दिए गए,लेकिन इसके बाद एजेंसी कार्यालय और गोदामों के बाहर लोगों की लंबी कतारें लगी रही। शहर में सिलेंडर का बैकलॉग भी 70 हजार के करीब पहुंच गया,जगह-जगह लोगों की लंबी कतारें लगती रही, कॉमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई,जिला प्रशासन ने छापेमारी की,कई खाली सिलेंडर बरामद किए। वहीं प्रशासन के निर्देश के बावजूद कई एजेंसियों ने गैस की होम डिलीवरी नहीं शुरू की।



चौथा सप्ताह



अमेरिका-इजराइल और ईरान में युद्ध शुरू होने के बाद 26 मार्च तक गैस एजेंसी और गोदामों के बीच गैस के लिए लोगों की लंबी कतार दिखी।हालांकि इस बीच अधिकांश एजेंसियों ने गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी भी शुरू कर दी,लेकिन बैकलॉग में कोई उल्लेखनीय कमी नहीं आयी। इससे पहले 24 मार्च को 25 की जगह 35 दिन में दोबारा सिलेंडर मिलने की सूचना पाते ही पैनिक बुकिंग करने वालों की संख्या में और इजाफा हो गया। इस दौरान कुछ इलाकों में जहां लोग सड़क पर उतर आये।वहीं कई जगह एजेंसी के कार्यालयों पर हंगामे के साथ तोड़फोड़ भी की गई। हालांकि रामनवमी की छुट्टी के बाद शनिवार को जब गैस एजेंसियों के कार्यालय खुले तो कई लोग सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी के कार्यालय पहुंचते दिखे। वहीं कुछ इलाकों को छोड़कर गैस के लिए कहीं अधिक लंबी कतार नहीं दिखी। इस दौरान गैस एजेंसियों की ओर से सिलेंडर की होम डिलीवरी भी जारी रही।


ट्रेंडिंग