पूर्वांचल सूर्य संवाददाता
रांची।सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड के दरभंगा हाउस में प्रकाश हॉल में राजभाषा हिंदी के प्रगामी कार्यान्वयन में नोडल अधिकारियों की भूमिका विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया।राजभाषा विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में कंपनी के विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से हिस्सा लिया।
कार्यशाला का संचालन डॉक्टर दिविक दिवेश उप प्रबंधक (राजभाषा) द्वारा किया गया।उन्होंने राजभाषा नीति के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं,राजभाषा अधिनियम और नियमों,भाषाई क्षेत्रों के वर्गीकरण,कार्यालयों में हिंदी के प्रगामी प्रयोग, सरकारी पत्राचार में हिंदी की अनिवार्यता और नोडल अधिकारियों और निरीक्षकों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को राजकाज की भाषा के रूप में हिंदी के अधिक से अधिक एवं बेहतर प्रयोग के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में एमएफ हक,महाप्रबंधक (मानव संसाधन विकास) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उद्घाटन सत्र पूर्णतः ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी रहा।
इस अवसर पर उपस्थित प्रतिभागियों ने कार्यशाला की भरपूर प्रशंसा की और इसे अत्यंत उपयोगी एवं सूचनाप्रद बताया। प्रतिभागियों ने आशा व्यक्त की कि इस प्रकार की कार्यशालाएं भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित की जाती रहेंगी, जिससे कार्यालयीन कामकाज में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को और अधिक बढ़ावा मिल सकेगा।