भीषण गर्मी में बेजुबान पक्षियों के लिए बना सहारा,डुमरथर विद्यालय का तन पानी अभियान बना प्रेरणा

भीषण गर्मी में बेजुबान पक्षियों के लिए बना सहारा,डुमरथर विद्यालय का तन पानी अभियान बना प्रेरणा

26 Jun 2026 |  17

भीषण गर्मी में बेजुबान पक्षियों के लिए बना सहारा,डुमरथर विद्यालय का तन पानी अभियान बना प्रेरणा



पर्यावरण संरक्षण और पक्षी बचाओ अभियान से विद्यार्थियों में जागी संवेदनशीलता



जलवायु परिवर्तन का सबसे अधिक असर पशु-पक्षियों पर पड़ा है:डॉ.सपन कुमार



पूर्वांचल सूर्य संवाददाता



दुमका। दुमका जिले के जरमुंडी प्रखंड के आदिवासी बहुल क्षेत्र में स्थित डुमरथर विद्यालय द्वारा पर्यावरण संरक्षण और बेजुबान पक्षियों के जीवन बचाने के उद्देश्य से एक अनूठा दाना-पानी अभियान चलाया जा रहा है।विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉक्टर सपन कुमार की पहल पर पिछले कई वर्षों से यह अभियान निरंतर संचालित हो रहा है,जो क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता के प्रति जागरूकता फैलाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है।



अभियान के तहत विद्यालय के पोषक क्षेत्र के आसपास स्थित पेड़-पौधों,बगीचों और अन्य उपयुक्त स्थानों पर मिट्टी के बर्तनों में पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था की गई है।साथ ही उनके भोजन के लिए नियमित रूप से दाना भी रखा जा रहा है। विद्यालय के विद्यार्थी प्रतिदिन इन पात्रों में पानी भरने और दाना डालने का कार्य कर रहे हैं,जिससे उनमें जीव-जंतुओं और प्रकृति के प्रति प्रेम एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित हो रही है।



इस अवसर पर प्रधानाध्यापक डॉक्टर सपन कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन,ग्लोबल वार्मिंग,बढ़ते प्रदूषण और घटते जलस्तर के कारण पक्षियों के अस्तित्व पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।कई पक्षी प्रजातियां विलुप्ति के कगार पर हैं,जबकि गिद्ध जैसी महत्वपूर्ण प्रजाति लगभग 99 प्रतिशत तक समाप्त हो चुकी है। ऐसे में पारिस्थितिकी तंत्र (इकोसिस्टम) और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के लिए पक्षियों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।



डॉ. सपन कुमार ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना, पशु-पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना और समाज को प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित करना है।विद्यालय का यह प्रयास न केवल पक्षियों को राहत प्रदान कर रहा है, बल्कि नई पीढ़ी को प्रकृति के साथ सह-अस्तित्व का संदेश भी दे रहा है।



इस अभियान में विद्यालय के इको क्लब,बाल संसद और विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक डॉ.सपन कुमार,शिक्षक अनुज कुमार मंडल,सुखलाल मुर्मू,रामबिलास मुर्मू,सहयोगी श्याम मिर्धा,रानी कुमारी,पूजा कुमारी,मधु,पार्वती,अनिल मुर्मू, देवनारायण हांसदा,रानी मुर्मू,सूरजमुनि मुर्मू,बिटिया हांसदा,प्रमिला देवी सहित अनेक लोग उपस्थित थे।


ट्रेंडिंग