राजकीय इटखोरी महोत्सव 2026:महोत्सव में कैलाश खेर, अल्ताफ राजा,कल्पना पटवारी समेत कई विख्यात कलाकार बिखरेंगे अपना जलवा

राजकीय इटखोरी महोत्सव 2026:महोत्सव में कैलाश खेर, अल्ताफ राजा,कल्पना पटवारी समेत कई विख्यात कलाकार बिखरेंगे अपना जलवा

14 Feb 2026 |  40

राजकीय इटखोरी महोत्सव 2026:महोत्सव में कैलाश खेर, अल्ताफ राजा,कल्पना पटवारी समेत कई विख्यात कलाकार बिखरेंगे अपना जलवा



500 ड्रोन शो,वाटर स्पोर्ट्स,पैरा-ग्लाइडिंग और भव्य गंगा आरती बनेंगे मुख्य आकर्षण का केंद्र



पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,चतरा।जिले के इटखोरी में हरसाल की तरह इस साल भी 19, 20 और 21 फरवरी को तीन दिवसीय राजकीय इटखोरी महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है।महोत्सव में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में सुप्रसिद्ध गायक कैलाश खेर,मशहूर गायक अल्ताफ राजा और भोजपुरी गायिका कल्पना पटवारी सहित कई नामचीन कलाकार अपनी प्रस्तुति से समा बांधेंगे।इसके अलावा विभिन्न राज्यों से आमंत्रित कलाकारों और स्थानीय कलाकारों द्वारा भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।महोत्सव में फैशन शो और थिएटर की विशेष व्यवस्था की गई है,जहां फिल्म का प्रकाशन भी किया जाएगा।महोत्सव में 500 ड्रोन से भव्य ड्रोन शो का आयोजन आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा।



19 और 20 फरवरी को बक्सा डैम में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक इटखोरी एडवेंचर स्पोर्ट्स फेस्ट के तहत 8 प्रकार की वाटर एक्टिविटी आयोजित की जाएंगी,जिनमें बनाना राइड, डिस्को और रिंगो राइड,कायाकिंग,वेक-बोर्डिंग,जेट स्की आदि शामिल हैं।वहीं लक्षनपुर स्थित भेड़ी फॉर्म डैम के पास पैरा-सेलिंग,ऑल-रोड बाइकिंग और मंदिर रोड इटखोरी में वॉल क्लाइम्बिंग,रैपलिंग और रोप कोर्स जैसी एडवेंचर गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। 21 फरवरी को मां भद्रकाली मंदिर परिसर स्थित मुहाने नदी तट पर भव्य गंगा आरती आयोजित की जाएगी।



महोत्सव का भव्य और सफल तैयारी को लेकर उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने जिले के वरीय अधिकारियों,उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा,अपर समाहर्ता अरविंद कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारियों के साथ मुख्य कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान बन रहे मंच, हेलिपैड स्थल,मंदिर परिसर में रंग-रोगन,साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।मुहाने नदी तट और बक्सा डैम का निरीक्षण कर वाटर एक्टिविटी,भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था,टोकन काउंटर स्थापना,बैरिकेडिंग,पार्किंग और पहुंच पथ की मरम्मत को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।



एडवेंचर गतिविधियां 19 और 20 फरवरी को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक लोगों के लिए निःशुल्क आयोजित की जाएंगी। 15 से 60 वर्ष आयु वर्ग के शारीरिक रूप से सक्षम युवक और युवतियां इसमें भाग ले सकते हैं।प्रतिभागियों के लिए पूर्व अनुभव अनिवार्य नहीं है। तैराकी न जानने वाले प्रतिभागी भी प्रशिक्षकों की देखरेख में सुरक्षा मानकों के साथ भाग ले सकेंगे। सभी प्रतिभागियों के लिए लाइफ जैकेट का उपयोग अनिवार्य रहेगा।आयोजन पहले आएं,पहले पाएं के आधार पर किया जाएगा। 18 वर्ष से कम आयु के प्रतिभागियों के साथ अभिभावक की उपस्थिति आवश्यक होगी।



जल क्रीड़ा में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को अतिरिक्त टी-शर्ट,हॉफ पैंट,तौलिया,गमछा और हवाई चप्पल लाना होगा। अन्य एडवेंचर गतिविधियों के लिए स्पोर्ट्स शूज,फुल शर्ट और फुल पैंट अथवा सलवार-सूट पहनकर आना अनिवार्य होगा।प्रतिभागियों को स्कूल,कॉलेज,पंचायत,खेल संघ,नेहरू युवा केंद्र,एनएसएस,एनसीसी और संबंधित संस्था द्वारा मोहर और हस्ताक्षर युक्त अनुशंसा पत्र प्रतिभागियों की सूची सहित लाना होगा।अधिक जानकारी के लिए जिला खेल पदाधिकारी कार्यालय और ई-मेल sports.chatra@gmail.com एवं trustadventure@yahoo.com पर संपर्क किया जा सकता है।कार्यक्रम का निष्पादन एडवेंचर ट्रैवलर्स एकेडमी द्वारा किया जाएगा।



उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने लोगों से अपील किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर महोत्सव को सफल बनाएं।


ट्रेंडिंग