रांची।रांची जिला प्रशासन ने पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने और पर्यटकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में अहम कदम उठाए हैं।समाहरणालय में उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में जिला पर्यटन संवर्धन परिषद् की शासी निकाय और कार्यकारिणी समिति की संयुक्त वार्षिक बैठक आयोजित की गई,जिसमें पर्यटन स्थलों के समग्र विकास,सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में पर्यटन विकास के तहत हुए कार्यों की हुई समीक्षा...
बैठक में पिछले वर्षों में पर्यटन विकास के तहत हुए कार्यों की समीक्षा की गई और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रांची को झरनों का शहर के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के साथ-साथ पर्यटन से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना प्राथमिक लक्ष्य है।
सौर लाइट और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले के सभी अधिसूचित पर्यटक स्थलों पर आवश्यकता के अनुसार सौर ऊर्जा संचालित लाइटें लगाई जाएंगी। इससे न केवल रात्रि में पर्यटकों की सुविधा बढ़ेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।साथ ही सभी प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं।पर्यटकों की मदद के लिए सूचना पट्ट लगाए जाएंगे,जिनमें पुलिस और स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध होगी।
प्रमुख स्थलों के विकास की बनी योजना
मारशली पहाड़ के समग्र विकास के लिए विस्तृत योजना तैयार करने और वहां हाई मास्ट लाइट लगाने की अनुशंसा की गई। वहीं देवड़ी मंदिर के विकास को लेकर अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण का प्रस्ताव रखा गया,ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।दशम,हुंडरू और जोन्हा जलप्रपात,टैगोर हिल,राक गार्डन समेत अन्य प्रमुख स्थलों पर सड़क, शौचालय,प्रकाश और बैठने की व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर सहमति बनी।
तकनीकी समिति करेगी स्थलीय जांच
पर्यटन विकास से जुड़े प्रस्तावों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला स्तर पर तकनीकी विशेषज्ञों की जांच समिति गठित करने का निर्णय लिया गया। यह समिति स्थलीय निरीक्षण कर योजनाओं की व्यवहार्यता पर रिपोर्ट देगी।
बैठक में विभिन्न जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया। सभी ने इस बात पर सहमति जताई कि योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन से रांची न केवल झारखंड, बल्कि देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी पहचान और मजबूत करेगा।