अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित, शपथ ग्रहण के साथ हुआ समापन

अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित, शपथ ग्रहण के साथ हुआ समापन

05 May 2026 |  15

 



पूर्वांचल सूर्य संवाददाता



 देवघर।अग्नि सुरक्षा सप्ताह के अवसर पर सदर अस्पताल देवघर के सभागार में सोमवार को जिला स्तरीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपाधीक्षक डॉक्टर सुषमा वर्मा द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। 



कार्यक्रम में बताया गया कि अग्नि सुरक्षा सप्ताह 4 मई से 10 मई तक मनाया जा रहा है। इस दौरान जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों,सामुदायिक स्थलों एवं शहरी-ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत आमजन को आग से बचाव के उपाय,आपातकालीन स्थिति में अपनाए जाने वाले कदम और अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग के बारे में जानकारी दी जाएगी। 



उपाधीक्षक डॉक्टर सुषमा वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि अग्नि दुर्घटनाएं अक्सर लापरवाही या जागरूकता की कमी के कारण होती हैं। उन्होंने अस्पताल परिसर में अग्नि सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने, विद्युत उपकरणों की नियमित जांच करने और आपातकालीन निकास मार्ग को सदैव सुगम बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि समय-समय पर प्रशिक्षण एवं मॉक ड्रिल आयोजित करने से कर्मचारियों की तत्परता और दक्षता में वृद्धि होती है। 



डीटीओ डॉक्टर संचयन ने अग्नि सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थानों पर अग्निशमन व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रहनी चाहिए। जिला महामारी विशेषज्ञ डॉक्टर मनीष शेखर ने आपदा प्रबंधन के दौरान समन्वय, त्वरित निर्णय और टीम वर्क की महत्ता पर प्रकाश डाला।



डीपीसी प्रवीण सिंह ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम स्वास्थ्यकर्मियों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सक्षम बनाते हैं।उन्होंने सभी प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे इस प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को अपने कार्यस्थल और समुदाय में लागू करें।कार्यशाला में राजेश राय,शंकर दयाल और कासिम अंसारी ने भी अग्नि सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर अपने विचार साझा किए। 



कार्यक्रम में शहरी सहियाओं की सक्रिय भागीदारी रही, जिन्हें समुदाय स्तर पर जागरूकता फैलाने के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिए गए।।कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को अग्निशमन यंत्रों (फायर एक्सटिंग्विशर) के प्रकार एवं उपयोग की विधि, आग लगने की स्थिति में सुरक्षित निकासी (इवैकुएशन प्लान), प्राथमिक उपचार और आपदा के समय घबराहट से बचते हुए संयमित ढंग से कार्य करने के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही मॉक ड्रिल के माध्यम से व्यवहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया, जिससे प्रतिभागियों को वास्तविक परिस्थितियों में कार्य करने की समझ विकसित हो सके।अंत में सभी उपस्थित अधिकारियों, कर्मियों एवं शहरी सहियाओं द्वारा अग्नि सुरक्षा सप्ताह के अवसर पर शपथ ली गई। शपथ के माध्यम से सभी ने यह संकल्प लिया कि वे अग्नि सुरक्षा के नियमों का पालन करेंगे, अपने-अपने कार्यस्थल एवं घरों में सतर्कता बरतेंगे तथा समाज में अधिक से अधिक लोगों को इसके प्रति जागरूक करेंगे। साथ ही शपथ ग्रहण के साथ ही कार्यशाला का समापन किया गया।


ट्रेंडिंग