बुर्के में कांवड़ यात्रा,शांति भंग होने की आशंका,तमन्ना मलिक और पति को संभल एसडीएम कोर्ट का नोटिस

बुर्के में कांवड़ यात्रा,शांति भंग होने की आशंका,तमन्ना मलिक और पति को संभल एसडीएम कोर्ट का नोटिस

04 Aug 2026 |  5

 



संभल।सावन में कांवड़ यात्रा के बीच उत्तर प्रदेश के संभल की तमन्ना मलिक एक बार फिर चर्चा में हैं।बुर्का पहनकर कांवड़ लाने को लेकर पहले सुर्खियां बटोर चुकी तमन्ना और उनके पति अमन त्यागी को इस बार प्रशासन ने नोटिस जारी किया है।एसडीएम कोर्ट ने तमन्ना मलिक और उनके पति अमन त्यागी को नोटिस भेजा है।नोटिस में तमन्ना मलिक के बुर्का पहनकर कांवड़ लाने पर शांति भंग होने की आशंका जताई गई है।एसडीएम कोर्ट ने तमन्ना मलिक और उनके पति को एसडीएम कोर्ट में पेश होकर बुर्का पहनकर कांवड़ लाने की वजह बताने का आदेश जारी किया है।



हरिद्वार जाकर कांवड़ लाने की जिद्द पर अड़े तमन्ना और अमन



छह महीने के लिए तमन्ना मलिक और उनके पति अमन त्यागी को 20-20 हजार रुपये के मुचलके से पाबंद किया गया है। मामला उत्तर प्रदेश के संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के बदनपुर बसई गांव का है।यहां की रहने वाली तमन्ना मलिक और उनके पति अमन त्यागी को प्रशासन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126 एवं 135 के तहत नोटिस जारी किया है।दोनों के न्यायालय में उपस्थित न होने पर अब दोबारा नोटिस जारी किया गया है और अगली बार पेश न होने पर वारंट जारी करने की चेतावनी दी गई है।



पिछले साल की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई



प्रशासन के मुताबिक थाना असमोली से पिछले वर्ष की एक चालानी रिपोर्ट प्राप्त हुई थी।रिपोर्ट में उल्लेख था कि अमन त्यागी और तमन्ना मलिक,जो अलग-अलग समुदाय से हैं। पिछले साल कांवड़ यात्रा में शामिल हुए थे,इससे क्षेत्र में शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हुई थी।



अमन ने कार्रवाई पर उठाए सवाल



एसडीएम विकास चंद्र के मुताबिक दोनों को पहले 31 जुलाई 2026 को न्यायालय में उपस्थित होने के लिए कहा गया था,लेकिन वे पेश नहीं हुए।तमन्ना मलिक के पति अमन त्यागी ने प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले भी उन्हें एसडीएम की ओर से नोटिस मिला है।अमन ने आपत्ति जताई कि हरिद्वार जाकर कांवड़ लाने में प्रशासन को क्या समस्या है,जबकि उन्हें सुरक्षा और सहयोग मिलना चाहिए।अमन ने बताया कि तमन्ना मलिक को महाराष्ट्र से एक महिला ने फोन पर एसिड अटैक की धमकी दी थी।



पेश न होने पर वारंट जारी करने की चेतावनी



अमन त्यागी ने सरकार से सुरक्षा की मांग करते हुए कहा कि वे हरिद्वार जाएंगे और गाजियाबाद की मुस्लिम महिला अनीशा बानो का समर्थन करेंगे।संभल एसडीएम की तरफ से तमन्ना मलिक और उनके पति अमन त्यागी पर बुर्के में कांवड़ लाने की पाबंदी लगाई गई है।अमन त्यागी ने बताया कि वे पिछली बार भी कांवड़ लेकर आए थे।इस नोटिस के बाद जमानत कराने के लिए वे एसडीएम के पास आए हैं।



पीड़ित पर दबाव का आरोप



अमन त्यागी ने कहा कि उन्हें इस बात से परेशानी हुई है कि कांवड़ लाने के लिए भी जमानत करानी पड़ रही है।प्रशासन को जहां उनकी मदद और सुरक्षा देनी चाहिए थी, वहां उल्टा उन्हें ही पाबंद किया जा रहा है।अमन ने कहा कि महाराष्ट्र से एक महिला ने कॉल करके धमकी दी थी कि ऐसा करने पर उनके ऊपर एसिड फेंका जाएगा।धमकी देने वालों पर कार्रवाई करने की जगह उन्हें ही जमानत करानी पड़ रही है।



संविधान में पहनावे पर कोई पाबंदी नहीं



अमन त्यागी का प्रशासन से कहना है कि उनके बच्चे छोटे हैं, इसलिए उन्हें सुरक्षा दी जानी चाहिए।पिछली बार कांवड़ लाने पर सनातनियों और हिंदुओं ने उन्हें पूरा सम्मान दिया था, लेकिन इस बार प्रशासन पहले से ही रोकने की कोशिश कर रहा है।अमन ने कहा कि उनके किसी कृत्य से किसी की भावनाएं आहत नहीं हुई हैं।अमन ने कहा कि तमन्ना मलिक अपनी पसंद के कपड़े पहनकर जाएंगी क्योंकि किसी के मौलिक अधिकारों का हनन नहीं किया जा सकता।



बुर्का पहनकर कांवड़ लाने पर प्रशासनिक कार्रवाई



अमन त्यागी ने कहा कि संविधान में कहीं नहीं लिखा है कि ऐसा नहीं किया जा सकता।हालांकि वे नोटिस मिलने के बाद अपनी जमानत कराने आए हैं।संभल के उपजिलाधिकारी विकास चंद्र ने बताया कि थाना असमोली से प्राप्त चालानी रिपोर्ट के आधार पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बीएनएस की धारा 126/135 के तहत नोटिस जारी किए गए हैं।निर्धारित तिथि पर उपस्थित न होने के कारण दोनों को दोबारा नोटिस भेजा गया है।


ट्रेंडिंग