पूर्वांचल सूर्य संवाददाता
देवघर।जिलावासियों की समस्याओं के समाधान और त्वरित निष्पादन को लेकर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों ने जनता दरबार में भू-अर्जन व मुआवजा भुगतान से संबंधित, झारखण्ड मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना,पेंशन,आवास से जुड़े मामलों को उपायुक्त के समक्ष रखा।
उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने जनता दरबार में आए सभी लोगों से एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनी और आश्वस्त किया कि संज्ञान में आए हुए सभी शिकायतों की जांच कराते हुए जल्द से जल्द सभी का समाधान किया जाएगा।जनता दरबार के दौरान राशन कार्ड में नाम जोड़ने,झारखंड मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना,पेंशन और राजस्व से संबंधित मामलों को ऑन स्पॉट निराकरण संबंधित विभाग द्वारा किया गया।
उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने अंचल स्तर पर लंबित पड़े मामलों पर गहरी नाराजगी जताई और सभी अंचल अधिकारियों तथा राजस्व उप-निरीक्षकों को कड़े निर्देश दिए। उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि अंचल कार्यालयों से जुड़े सभी प्रकार के मामलों का निष्पादन तय समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उपायुक्त ने कहा कि आम जनता को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए अंचल कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
विभिन्न आवेदन शिकायत के रूप में आये,जो कि जिले के विभिन्न विभागों से संबंधित थे। ऐसे में जनता दरबार में सभी शिकायतकर्ता की समस्याओं को सुनने के पश्चात उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निदेशित किया कि सभी आवेदनों का भौतिक जांच करते हुए, उसका समाधान जल्द से जल्द करें।इसके अलावा उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह के अंदर अपना प्रतिपुष्टि उपायुक्त कार्यालय को समर्पित करें, ताकि शिकायतों के निष्पादन की निगरानी की जा सके।