जयप्रकाश पटेल ने कार्यकर्ताओं से कहा,जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाएं

जयप्रकाश पटेल ने कार्यकर्ताओं से कहा,जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाएं

01 Aug 2026 |  35

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि 



विष्णुगढ़।संगठन की मजबूती को लेकर शुक्रवार को सात माइल मोड़ रमुआ में प्रखंड कार्यालय में कांग्रेस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।बैठक की अध्यक्षता जिला महासचिव अब्बास अंसारी ने की,संचालन पूर्व विधायक प्रतिनिधि गुरु प्रसाद साव ने किया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री हजारीबाग कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष जयप्रकाश भाई पटेल शामिल हुए।



इस दौरान विष्णुगढ़ प्रखंड से हजारीबाग जिला कमेटी में बनाए गए पदाधिकारियों और वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।बैठक में प्रखंड पदाधिकारियों के अलावा बेड़ा हरियारा, चेड़रा एवं विष्णुगढ़ पंचायत के कांग्रेस कार्यकर्ता‌,वरिष्ठ नेता सुरेंद्र मिश्रा,जिला महासचिव अनिल राय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं नेता मौजूद रहे।



कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने पंचायत की समस्याओं के साथ संगठन को मजबूत करने को लेकर विचार रखे। इस दौरान बगोदर-हजारीबाग राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-522 का रद्द होना तथा विष्णुगढ़ प्रखंड मुख्यालय में नवनिर्मित आईटीआई भवन में अब तक पढ़ाई शुरू नहीं होने का मुद्दा भी उठाया गया।



बैठक में कांग्रेस नेताओं ने बेरोजगारी, मजदूरों के पलायन एवं क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा। नेताओं ने कांग्रेस के इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की आजादी में कांग्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और देश का सर्वांगीण विकास कांग्रेस ही कर सकती है।



मुख्य अतिथि जयप्रकाश भाई पटेल ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और क्षेत्र की समस्याओं को सक्रिय रूप से उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएं, समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। बैठक का समापन संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के संकल्प के साथ हुआ।


ट्रेंडिंग