पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने किया क्षेत्र भ्रमण, लोगों से किया सीधा संवाद

पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने किया क्षेत्र भ्रमण, लोगों से किया सीधा संवाद

04 Sep 2026 |  19

 



पूर्वांचल सूर्य संवाददाता



पाकुड़।सदर प्रखंड अंतर्गत इशाकपुर पंचायत में गुरुवार को पूर्व मंत्री वरिष्ठ कांग्रेसी नेता आलमगीर आलम का क्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया।इस दौरान आलमगीर आलम ने पंचायत के इशाकपुर,चंद्रपाड़ा,महरू मोड़ और इशाकपुर शैतान खाना मोड़ का दौरा कर स्थानीय लोगों से सीधा संवाद किया। 



क्षेत्र भ्रमण के दौरान पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने लोगों की समस्याओं और जनसरोकार से जुड़े विभिन्न मुद्दों की जानकारी ली।लोगों ने मुख्य रूप से बिजली की समस्या, चापाकल,पीसीसी सड़क,नाला निर्माण सहित क्षेत्र की अन्य बुनियादी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।इसके अलावा लोगों ने जाति और निवास प्रमाण पत्र बनवाने में हो रही परेशानियों की भी जानकारी पूर्व मंत्री को दी। 



लोगों ने आलमगीर आलम से बताया कि प्रमाण पत्र नहीं बनने के कारण उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं,शैक्षणिक कार्यों एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।आलमगीर आलम ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर समस्या के समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया। 



आलमगीर आलम ने लोगों की सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। आलमगीर आलम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का विकास तथा आम लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना हमेशा प्राथमिकता में रहा है। जनता की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर आवश्यक पहल की जाएगी। आलमगीर आलम के क्षेत्र भ्रमण को लेकर लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह लोगों ने और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया और अपनी समस्याओं से अवगत कराया।


ट्रेंडिंग