पूर्वांचल सूर्य संवाददाता
पाकुड़। बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करने,उनकी अभिव्यक्ति क्षमता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने और जिले में पठन संस्कृति को मजबूत करने के लिए जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में मेरे शब्द,मेरी कहानी पठन अभियान के तहत जिला स्तरीय विशेष पॉडकास्ट सत्र का आयोजन किया गया। इसमें जिले के तीन प्रखंडों के स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम का नेतृत्व जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा किया गया।
पॉडकास्ट सत्र के दौरान बच्चों ने अपनी पसंदीदा पुस्तकों और कहानियों,पढ़ने के अनुभव और पढ़ने से उनके व्यक्तित्व,सोच एवं व्यवहार में आए सकारात्मक बदलावों को पूरे उत्साह एवं आत्मविश्वास के साथ साझा किया।
इस पहल के माध्यम से बच्चों को अपनी बात खुलकर रखने, अपने अनुभव साझा करने और अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता को प्रदर्शित करने का अवसर मिला। बच्चों ने बताया कि नियमित रूप से पुस्तकें पढ़ने से उनके ज्ञान, कल्पनाशक्ति,संवाद क्षमता और आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है।
जिला प्रशासन की यह पहल बच्चों में पठन की आदत,संवाद कौशल,अभिव्यक्ति क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करने के साथ-साथ जिले में पढ़ने की संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में एपीओ मनोज, पीरामल फाउंडेशन से मीना ठाकुर, रूम टू रीड से संजीत, एवीए से मणिदीपा साहा एवं बीपीओ किशन भगत का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
जिला प्रशासन द्वारा बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ पठन, रचनात्मकता, अभिव्यक्ति एवं आत्मविश्वास से जोड़ने के लिए इस प्रकार की गतिविधियों को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जिले के बच्चों को बेहतर पाठक बनाने के साथ-साथ उन्हें आत्मविश्वासी, रचनात्मक एवं सक्षम नागरिक के रूप में विकसित करना है।