पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
चतरा।जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत मरमदिरी गांव के बढ़ई टोला की सड़क इन दिनों बदहाली की ऐसी तस्वीर पेश कर रही है,जो विकास के बड़े-बड़े दावों पर सवाल खड़े करती है। इस गांव की करीब तीन किलोमीटर सड़क जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। सड़क की हालत इतनी खराब है कि पैदल चलना भी ग्रामीणों के लिए मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क की बदहाली को देखते हुए गांव के लोगों ने दो बार आपस में चंदा जमाकर सड़क को किसी तरह चलने लायक बनाने का प्रयास किया।ग्रामीणों ने अपने स्तर से मिट्टी,मोरम और अन्य सामग्री डालकर गड्ढों को भरने की कोशिश की,लेकिन बारिश और लगातार आवागमन के कारण सड़क फिर से बदहाल हो गई।
सड़क खराब होने का सबसे ज्यादा असर मरीजों,बुजुर्गों, स्कूली बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों पर पड़ रहा है। बारिश के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से यह पता लगाना भी मुश्किल हो जाता है कि सड़क पर गड्ढा कितना गहरा है। इससे दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब सड़क बनाने की जिम्मेदारी सरकार और विभाग की है, तो आखिर कब तक गांव के लोग अपनी जेब से चंदा जुटाकर सड़क को ठीक कराते रहेंगे।
मरमदिरी के ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से करीब तीन किलोमीटर सड़क का स्थायी निर्माण कराने की मांग की है।