उपायुक्त ने जिले में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर प्रज्ञा केंद्र संचालकों के साथ गूगल मीट के माध्यम से की बैठक,फर्जीवाड़े पर दिए सख्त निर्देश

उपायुक्त ने जिले में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर प्रज्ञा केंद्र संचालकों के साथ गूगल मीट के माध्यम से की बैठक,फर्जीवाड़े पर दिए सख्त निर्देश

12 Sep 2026 |  35

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि



चतरा। जिले में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के सफल और पारदर्शी क्रियान्वयन को लेकर शुक्रवार को जिले के प्रज्ञा केंद्र और सीएससी संचालकों के साथ गूगल मीट के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी-सह-सचिव, एवं जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त चतरा रवि आनंद के निदेशानुसार किया गया। बैठक की अध्यक्षता उप निर्वाचन पदाधिकारी चतरा रवींद्र कुमार द्वारा की गई।



बैठक में मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत ऑनलाइन आवेदन और दस्तावेजों के सत्यापन से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर संचालकों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। उप निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर दस्तावेजों से छेड़छाड़, फर्जीवाड़ा अथवा गलत दस्तावेज को वैध दर्शाकर ऑनलाइन आवेदन करने की अनुमति नहीं होगी।



वर्ष 2003 की मतदाता सूची से छेड़छाड़ पर रोक



बैठक में वर्ष 2003 की मतदाता सूची के संबंध में विशेष सावधानी बरतने का निर्देश दिया गया। संचालकों को निर्देशित किया गया कि उपलब्ध अभिलेखों का उपयोग निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही किया जाए तथा मतदाता सूची में किसी प्रकार का अनधिकृत संशोधन, छेड़छाड़ अथवा फर्जीवाड़ा न किया जाए।



संदिग्ध एवं फर्जी दस्तावेजों पर होगी कार्रवाई



अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि किसी भी विदेशी नागरिक का नाम अथवा किसी फर्जी व्यक्ति के दस्तावेज को गलत तरीके से शामिल नहीं किया जाए। यदि किसी आवेदक या उसके द्वारा प्रस्तुत दस्तावेज संदिग्ध अथवा फर्जी प्रतीत होते हैं, तो ऐसे आवेदन को ऑनलाइन दर्ज नहीं किया जाएगा तथा इसकी सूचना तत्काल संबंधित पदाधिकारी को दी जाएगी।



खतियान एवं वंशावली के सत्यापन पर जोर



मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत खतियान के साथ वंशावली अथवा पारिवारिक सूची संलग्न होने की स्थिति में संबंधित अंचल अधिकारी द्वारा सत्यापन किए जाने के पश्चात ही आवेदन को ऑनलाइन करने का निर्देश दिया गया। संचालकों को दस्तावेजों की जांच में पूरी सावधानी एवं निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।



अनियमितता पाए जाने पर होगी कानूनी कार्रवाई



बैठक में सभी प्रज्ञा केंद्र और अन्य संबंधित केंद्र संचालकों को निर्देश दिया गया कि वे उपर्युक्त सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर अनियमितता, फर्जीवाड़ा अथवा निर्वाचन संबंधी निर्देशों की अवहेलना में संलिप्तता पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध बी एन एस के प्रावधानों के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



साथ ही जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी और सीएससी जिला प्रबंधक द्वारा दिए गए आवश्यक निर्देशों और विभाग द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का भी सावधानीपूर्वक एवं अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया।



बैठक में जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी कौस्तव सरकार, चतरा जिले के सीएससी मैनेजर प्रेम प्रताप सिंह,विभिन्न प्रज्ञा केंद्र संचालक  समेत अन्य संबंधित उपस्थित रहे।


ट्रेंडिंग