अफीम की अवैध खेती की रोकथाम को लेकर वन विभाग का विशेष अभियान जारी,ड्रोन से की गई वन क्षेत्रों की निगरानी
जांच के दौरान मिला अफीम की खेती के लिए जोत-कोड़ का प्रमाण,संवेदनशील वन क्षेत्रों में निगरानी जारी
पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
चतरा।जिले के दक्षिणी वन प्रमंडल अंतर्गत सुरक्षित वन क्षेत्रों में अफीम और पोस्ता की अवैध खेती की रोकथाम को लेकर वन विभाग द्वारा लगातार निगरानी और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को चतरा वन प्रक्षेत्र के विभिन्न सुदूरवर्ती और दुर्गम वन क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान ड्रोन कैमरे के माध्यम से संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की गई।वहीं वन विभाग और सशस्त्र सीमा बल टीम द्वारा संयुक्त रूप से सर्च एवं जागरूकता अभियान चलाकर अवैध पोस्ता की खेती नहीं करने का संदेश दिया गया।
चतरा वन प्रक्षेत्र अंतर्गत भांग वन सहित अन्य सुरक्षित वन क्षेत्रों के दुर्गम और सुदूरवर्ती इलाकों में ड्रोन कैमरे की सहायता से निगरानी और जांच की गई। इस दौरान वन भूमि पर अफीम की अवैध खेती की आशंका वाले क्षेत्रों का जायजा लिया गया। जांच में अफीम की खेती अथवा इसके लिए जोत-कोड़ का प्रमाण पाया गया। ड्रोन निगरानी अभियान में सदर प्रभारी वनपाल कमल किशोर,प्रभारी वनरक्षी राकेश कुमारखुर्शीद आलम,जीआईएस सेल के सुजोय घोष और पशुरक्षक शामिल रहे।
वहीं पिरी वन क्षेत्र के हुडमूड,बेस और तिलरा सहित विभिन्न सुरक्षित वन क्षेत्रों में वन विभाग और शसस्त्र सीमा सुरक्षा बल की टीम द्वारा संयुक्त रूप से सर्च एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान वन क्षेत्रों का भ्रमण कर अवैध पोस्ता की खेती की आशंका वाले स्थलों की जांच की गई। जांच के क्रम में जोत-कोड़ तथा खेती का प्रमाण नहीं मिला। अभियान के दौरान लोगों को वन भूमि पर अफीम की अवैध खेती नहीं करने तथा वन एवं पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने के लिए जागरूक किया गया।
इस संबंध में वन प्रमंडल पदाधिकारी, दक्षिणी एवं उत्तरी वन प्रमंडल श्री अहमद बेलाल अनवर ने कहा कि वन भूमि पर अवैध रूप से पोस्ता (अफीम) की खेती करना कानूनन अपराध है। वन क्षेत्रों को अवैध खेती एवं अतिक्रमण से मुक्त रखने के लिए विभाग पूरी तरह सतर्क है तथा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि वन क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों की पहचान एवं प्रभावी निगरानी के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। ड्रोन कैमरे एवं भौगोलिक सूचना प्रणाली (जीआईएस) की सहायता से दुर्गम एवं संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी अवैध गतिविधि का समय रहते पता लगाकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
वन प्रमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि वन भूमि पर अतिक्रमण एवं अफीम की अवैध खेती के विरुद्ध विभाग का अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने आमजनों से अपील की कि वन क्षेत्रों में अवैध पोस्ता की खेती अथवा किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल वन विभाग को सूचित करें। साथ ही वन संपदा एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों में सक्रिय सहयोग प्रदान करे।