डुमरी में सऊदी में मृत प्रवासी मजदूर के परिजनों का अनिश्चितकालीन धरना 

डुमरी में सऊदी में मृत प्रवासी मजदूर के परिजनों का अनिश्चितकालीन धरना 

18 Feb 2026 |  3

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,डुमरी।डुमरी प्रखंड के मधगोपाली पंचायत अंतर्गत दुधपनिया गांव के प्रवासी मजदूर विजय कुमार महतो की सऊदी अरब में बीते साल 23 अक्टूबर को क्रॉस फायरिंग में हुई मौत के बाद शव भारत लाने और मुआवजा प्राप्त करने की प्रक्रिया में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है।मृतक के परिजनों और पंचायत के दर्जनों महिलाओं और पुरुषों ने मंगलवार को डुमरी थाना प्रभारी पर धोखाधड़ी, जालसाजी का आरोप लगाते हुए अनुमंडल कार्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। 



मृतक की पत्नी बसंती देवी ने आरोप लगाया कि बिना परिवार की सहमति के थाना प्रभारी ने पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार कराई।चौकीदार विवेक कुमार और एक अन्य व्यक्ति ने सफेद कागज पर हस्ताक्षर करवाए। बसंती ने उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच,मुआवजा प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और थाना प्रभारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। 



धरने का नेतृत्व पूर्व मुखिया रामप्रसाद महतो,पिता सूर्यनारायण महतो,चाचा लोकनाथ महतो आदि कर रहे हैं। जिप सदस्य सुनीता कुमारी,पूर्व प्रमुख यशोदा देवी,भाकपा माले नेता नागेश्वर महतो,झारखंड किसान मजदूर यूनियन अध्यक्ष गंगाधर महतो सहित कई लोग समर्थन दे रहे हैं।



थाना प्रभारी प्रणित पटेल ने आरोप खारिज करते हुए कहा कि पावर ऑफ अटॉर्नी पर बसंती देवी ने स्वयं हस्ताक्षर किए और गवाह मौजूद हैं।एसडीपीओ सुमित कुमार ने बताया कि पुलिस परिजनों के साथ है।शव रांची पहुंच चुका है।परिजन मुआवजा की स्पष्टता के बिना शव लेने से इनकार कर रहे हैं। धरना जारी था।


ट्रेंडिंग