भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने धनबाद में की प्रेसवार्ता, संजीव कुमार की रिकॉर्ड जीत का किया दावा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने धनबाद में की प्रेसवार्ता, संजीव कुमार की रिकॉर्ड जीत का किया दावा

18 Feb 2026 |  9

 



धनबाद।धनबाद नगर निगम चुनाव के मद्देनज़र भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष राज्यसभा सांसद आदित्य साहू मंगलवार को धनबाद पहुंचे और बैंक मोड़ स्थित कार्यालय सभागार में प्रेसवार्ता की।उन्होंने भाजपा समर्थित महापौर प्रत्याशी संजीव कुमार की रिकॉर्ड मतों से जीत का दावा किया।कहा कि धनबाद की जनता विकास,सुशासन और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन के लिए क्रमांक संख्या 27, चुनाव चिन्ह हरी मिर्च छाप पर मुहर लगाकर संजीव कुमार को भारी मतों से विजयी बनाएगी।



प्रेस को संबोधित करते हुए पार्टी के बागी नेताओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए आदित्य शाहू ने कहा कि अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।संबंधित नेताओं को शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है और पार्टी की अनुशासन समिति पूरे मामले पर निगरानी रखे हुए है।शाहू ने स्पष्ट किया कि दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई निश्चित है।



सूबे की हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए आदित्य शाहू ने कहा कि वर्तमान सरकार डर और दबाव में काम कर रही है।शाहू ने आरोप लगाया कि नगर निकाय चुनाव को गैर दलीय आधार पर कराने का निर्णय एक सोची-समझी साजिश के तहत लिया गया,लेकिन भाजपा के आंदोलन के दबाव में सरकार को चुनाव कराने के लिए मजबूर होना पड़ा।



महापौर पद के झामुमो समर्थित प्रत्याशी द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों पर प्रतिक्रिया देते हुए आदित्य शाहू ने कहा कि ये सभी योजनाएं पूर्व की भाजपा सरकारों की देन हैं। कहा कि रघुवर दास के नेतृत्व वाली राज्य सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में भ्रष्टाचार मुक्त शासन और कानून का राज था,जबकि वर्तमान सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है और विधि व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है।



हाल ही में डॉक्टर मिहिर के घर पर धमकी भरा पोस्टर लगाए जाने की घटना का उल्लेख करते हुए आदित्य शाहू ने कहा कि यह राज्य की बिगड़ती कानून व्यवस्था का स्पष्ट उदाहरण है।



प्रेसवार्ता में पूर्व सांसद पशुपतिनाथ सिंह,धनबाद विधायक राज सिन्हा,प्रदेश मंत्री सरोज सिंह,गणेश मिश्रा,जिला अध्यक्ष श्रवण राय,राजकुमार अग्रवाल,मीडिया प्रभारी पंकज सिन्हा उर्फ कुमार अमित,मानस प्रसून,मिल्टन पार्थसार्थी सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।


ट्रेंडिंग