जिले में घरेलू गैस की पर्याप्त आपूर्ति,लोगों को पैनिक होने की जरुरत नहीं: उपायुक्त
उपायुक्त ने एलपीजी गैस कंपनियों के सेल्स अफसरों के साथ की बैठक
निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत नहीं लिए जाने का एलपीजी कंपनियों को निर्देश
सर्वर में आयी तकनीकी खराबी के कारण नहीं हो पा रही बुकिंग का कार्य जल्द ही होगा सामान्य
पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
लोहरदगा। उपायुक्त डॉक्टर ताराचंद की अध्यक्षता में गुरूवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एलपीजी,एचपीसीएल, आईओसीएल,बीपीसीएल के सेल्स अफसरों के साथ बैठक हुई।बैठक में यह बात निकल कर आयी कि गैस बुकिंग सर्वर में आयी तकनीकी गड़बड़ी के कारण अभी एलपीजी गैस की बुकिंग नहीं हो पा रही है। जल्द ही इसका समाधान हो जाएगा। गैस का वितरण सामान्य हो रहा है इसलिए उपभोक्ताओं को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है।
उपायुक्त डॉक्टर ताराचंद ने कहा कि उपभोक्ताओं से एलपीजी सिलिंडर की निर्धारित कीमत से अधिक राशि नहीं ली जाय अन्यथा सुसंगत धाराओं के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। ग्राहकों से इस प्रकार की शिकायत आती है तो कार्रवाई की जाएगी। कालाबाजारी किसी भी स्थिति में ना हो।
उपायुक्त डॉक्टर ताराचंद ने आमजनों और एलपीजी उपभोक्ताओं से अपील की है कि अनावश्यक पैनिक होने की आवश्यकता नहीं है। एलपीजी गैस बुकिंग के सॉफ्टवेयर अपग्रेडेशन का कार्य चल रहा है जो जल्द पूरा हो जाएगा। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी मनीष कुमार भी उपस्थित थे।