चौपारण बाजार में अव्यवस्थित टेंपू संचालन से यातायात व्यवस्था प्रभावित

चौपारण बाजार में अव्यवस्थित टेंपू संचालन से यातायात व्यवस्था प्रभावित

10 Mar 2026 |  7

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,चौपारण,हजारीबाग।प्रखंड मुख्यालय में अव्यवस्थित टेंपो संचालन लोगों के लिए दिन प्रतिदिन परेशानी का सबब बनता जा रहा है।चौपारण बाजार के ब्लॉक मोड़ और चतरा मोड़ पर इन दिनों टेंपू चालकों की अव्यवस्थित संचालन व्यवस्था से यातायात व्यवस्था चरमरा गई है।बरही जाने वाले टेंपू,जहां ब्लॉक मोड़ से गुजरते हैं,वहीं इटखोरी जाने वाले टेंपू चतरा मोड़ से संचालित होते हैं। इन दोनों स्थानों पर सड़क पर ही टेंपू खड़ा करके सवारी भरने की प्रवृत्ति से राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। 



स्थानीय लोगों का कहना है कि कई टेंपू चालक सवारी के इंतजार में सड़क के बीचों-बीच वाहन खड़ा कर देते हैं,जिससे जाम जैसी स्थिति बन जाती है। इतना ही नहीं कई चालक बिना किसी संकेत के अचानक वाहन मोड़ देते हैं या बीच सड़क पर ही सवारी चढ़ाने-उतारने लगते हैं। इससे पीछे से आने वाले बाइक और चारपहिया वाहनों को अचानक ब्रेक लगाना पड़ता है,जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। 



दुकानदारों और राहगीरों के अनुसार सुबह और शाम के समय इन स्थानों पर भीड़ अधिक रहती है,लेकिन यातायात नियंत्रित करने के लिए कोई स्थायी व्यवस्था नहीं है। कई बार चालकों को समझाने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि चतरा मोड़ और ब्लॉक मोड़ के पास टेंपू के लिए अलग से स्टैंड निर्धारित किया जाए तथा पुलिस द्वारा नियमित निगरानी कर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।


ट्रेंडिंग