पूर्वांचल सूर्य की खबर का असर:पालोजोरी मनरेगा घोटाले की जांच करने पहुंची बीपीओ ने साधी चुप्पी

पूर्वांचल सूर्य की खबर का असर:पालोजोरी मनरेगा घोटाले की जांच करने पहुंची बीपीओ ने साधी चुप्पी

10 Mar 2026 |  10

पूर्वांचल सूर्य की खबर का असर:पालोजोरी मनरेगा घोटाले की जांच करने पहुंची बीपीओ ने साधी चुप्पी



मचा हड़कंप,जांच से ठीक पहले जेसीबी के निशानों को मिटाने के लिए मजदूरों को उतारा गड्ढे में



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि



पालोजोरी,देवघर।प्रखंड की धावा पंचायत में मनरेगा योजनाओं के नाम पर चल रहे महाघोटाले की खबर प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद प्रशासनिक महकमे और बिचौलियों में हड़कंप मच गया है।सोमवार को मनरेगा बीपीओ हेलेना हेंब्रम जब तेलंगा गांव में जांच करने पहुंचीं, तो वहां का नजारा बदला हुआ था। खबर के असर से घबराए बिचौलियों ने साक्ष्य मिटाने की नीयत से आनन-फानन में मजदूरों को काम पर लगा दिया,ताकि जेसीबी द्वारा किए गए अवैध कार्य के निशानों को ढका जा सके। यह विभाग की आंखों में धूल झोंकने की एक नाकाम कोशिश मानी जा रही है।



रात के अंधेरे में जेसीबी का खेल,कागजों पर फर्जी मजदूर



मामला धावा पंचायत के तेलंगा गांव का है,जहां लाभुक मोतीलाल मुर्मू की जमीन पर योजना संख्या 8/23–24 के तहत तालाब निर्माण की स्वीकृति मिली थी। स्थानीय पड़ताल में यह चौंकाने वाला सच सामने आया कि इस योजना में मजदूरों ने अब तक काम शुरू भी नहीं किया था, लेकिन कागजों पर फर्जी मस्टर रोल भरकर 29,000 रुपए की मजदूरी का भुगतान पहले ही डकार लिया गया। नियमों को ताक पर रखकर यहां रात के अंधेरे में जेसीबी मशीन से काम कराया जा रहा था,जिसके ताजे निशान मौके पर स्पष्ट गवाही दे रहे थे।



जांच में पहुंची बीपीओ,लीपापोती की होड़



सोमवार को मनरेगा बीपीओ हेलेना हेंब्रम जब स्थल निरीक्षण के लिए पहुंचीं तो बिचौलियों ने उनके आने से ठीक पहले आनन-फानन में मजदूरों को काम पर लगा दिया था। निरीक्षण के दौरान बीपीओ ने मीडिया के तीखे सवालों पर रहस्यमयी चुप्पी साधे रखी।बीपीओ ने बस इतना कहा कि जांच कर प्रतिवेदन जमा करने के बाद ही कुछ बता पाएंगे।हालांकि बीपीओ ने आश्वासन दिया कि यदि अनियमितता पाई गई तो दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी और राशि की शत-प्रतिशत रिकवरी सुनिश्चित की जाएगी।



मजदूरों के हक पर डाका



सरकार जहां एक ओर मजदूरों को सौ दिन रोजगार देने का दावा करती है तो वहीं पालोजोरी में बिचौलिए और भ्रष्ट कर्मी मिलकर सरकारी खजाने पर खुलेआम डाका डाल रहे हैं। अब देखना यह है कि प्रशासन इन रसूखदार बिचौलियों पर क्या ठोस कार्रवाई करता है या फिर जांच के नाम पर केवल खानापूर्ति की जाएगी।


ट्रेंडिंग