उपायुक्त ने यूपीएससी सफल युवाओं से की मुलाकात,उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं

उपायुक्त ने यूपीएससी सफल युवाओं से की मुलाकात,उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं

10 Mar 2026 |  6

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि



गिरिडीह।गिरिडीह जिले के लिए यह गौरव का क्षण रहा जब संघ लोक सेवा आयोग की कठिन परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले जिले के तीन प्रतिभाशाली युवा करण सेठ (पचंबा), नाजिया प्रवीण (भंडारीडीह) और एक अन्य सफल अभ्यर्थी से उपायुक्त रामनिवास यादव ने सोमवार को शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर उपायुक्त ने सफल युवाओं को उनकी कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासन के लिए बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं व्यक्त की।



उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा,यूपीएससी जैसी प्रतिष्ठित और चुनौतीपूर्ण परीक्षा में सफलता प्राप्त करना किसी युवा के लिए व्यक्तिगत उपलब्धि से कहीं अधिक है। यह पूरे जिले और राज्य के लिए गर्व का विषय है। इन युवाओं की सफलता अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगी और जिले से अधिक से अधिक युवा प्रशासनिक सेवाओं की ओर प्रेरित होंगे। 



मुलाकात के दौरान उपायुक्त रामनिवास यादव ने सफल अभ्यर्थियों से उनकी तैयारी की रणनीति, सामना की गई चुनौतियों और अनुभवों पर विस्तार से चर्चा की। युवाओं ने बताया कि निरंतर अध्ययन, उचित मार्गदर्शन, आत्मविश्वास तथा परिवार, शिक्षकों और मित्रों का सहयोग उनकी सफलता का आधार रहा।उपायुक्त ने उन्हें आगे की प्रशिक्षण प्रक्रिया के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशासनिक सेवा में प्रवेश के बाद उनकी जिम्मेदारी और बढ़ जाएगी। उपायुक्त ने जोर दिया कि अधिकारी बनकर समाज के कमजोर, वंचित, गरीब और जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए संवेदनशीलता, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करें।एक सच्चा प्रशासक वही है जो समाज की समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए प्रतिबद्ध रहता है। सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हमारा सामूहिक दायित्व है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या व्यक्तिगत हित को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, उन्होंने स्पष्ट किया।



उपायुक्त रामनिवास यादव सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को याद दिलाया कि जनहित सर्वोपरि है। योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सभी को पूर्ण निष्ठा से कार्य करना चाहिए।मुलाकात के अंत में उपायुक्त ने सफल युवाओं को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने सफल अभ्यर्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामनाएं की।


ट्रेंडिंग