चतरा में जल महोत्सव पखवाड़ा के तहत प्रखंड स्तरीय कार्यशाला आयोजित

चतरा में जल महोत्सव पखवाड़ा के तहत प्रखंड स्तरीय कार्यशाला आयोजित

13 Mar 2026 |  30

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि



चतरा। जिले में चल रहे जल महोत्सव पखवाड़ा (08 मार्च 2026 से 22 मार्च 2026) के अंतर्गत गुरुवार को प्रखंड सभागार चतरा में रेन वाटर हार्वेस्टिंग और सोखता गड्ढ़ा निर्माण विषय पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला योजना पदाधिकारी और कार्यपालक अभियंता,पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल द्वारा संयुक्त रूप से की गई।



आयोजित कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला योजना पदाधिकारी ने जल के सदुपयोग और इसके संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने पर बल दिया। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने पृथ्वी पर उपलब्ध जल संसाधनों की स्थिति एवं उनके संरक्षण की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।



कार्यपालक अभियंता ने जल महोत्सव पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी और जल संरक्षण और जल के विवेकपूर्ण उपयोग में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने में महिलाओं की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।



इस कार्यक्रम के दौरान जिला समन्वयक द्वारा पॉवर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से उपस्थित जलसहिया और आंगनवाड़ी सेविकाओं को जल महोत्सव पखवाड़ा के उद्देश्य, गतिविधियों तथा जल संरक्षण के प्रति आमजन को जागरूक करने में महिलाओं की भूमिका और उनके प्रयासों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।



साथ ही सभी जलसहिया और आंगनबाड़ी सेविकाओं को निर्देश दिया गया कि सोखता गड्ढा निर्माण के लिए ग्राम सभा के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों का चयन करते हुए उसे जीपीडीपी में दर्ज कराना सुनिश्चित करें।



कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी चतरा,डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट एसोसिएट, नीति आयोग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सभी कनीय अभियंता, प्रखंड समन्वयक, जलसहिया एवं आंगनबाड़ी सेविकाओं ने भाग लिया। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को जल संरक्षण के प्रति संकल्पित करते हुए जल शपथ भी दिलाई गई।


ट्रेंडिंग