भीषण गर्मी के बीच छडवा डैम का महापौर ने किया निरीक्षण,जर्जर फाटक पर जताई चिंता

भीषण गर्मी के बीच छडवा डैम का महापौर ने किया निरीक्षण,जर्जर फाटक पर जताई चिंता

21 Apr 2026 |  7

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि 



हजारीबाग।लगातार बढ़ती गर्मी और गिरते जलस्तर को देखते हुए महापौर अरविन्द कुमार राणा ने छडवा डैम का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान महापौर ने डैम की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया और जल संकट की संभावनाओं को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की।महापौर नाव से डैम के बीच तक पहुंचे और वहां से फाटक की स्थिति को करीब से देखा।निरीक्षण के दौरान फाटक पूरी तरह जर्जर और टूटा हुआ पाया गया, जिसे देखकर उन्होंने अफसोस जताया। 



महापौर अरविंद कुमार राणा ने कहा कि यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में जिले को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ सकता है।महापौर निरीक्षण के दौरान डैम के विभिन्न हिस्सों में जाकर खुद गहराई की जांच की। इस दौरान पाया गया कि डैम में मात्र 16 फीट पानी ही शेष बचा है, जो इस भीषण गर्मी में तेजी से घट सकता है। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जल संरक्षण और प्रबंधन को लेकर तुरंत प्रभावी कदम उठाए जाएं,ताकि आम लोगों को पानी की समस्या से जूझना न पड़े। 



इस मौके पर डैम के लीजधारक पप्पू कुमार ने भी महापौर अरविंद कुमार राणा को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। पप्पू ने बताया कि फाटक के टूटने के कारण मछली बीज बह गया, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पप्पू ने लगभग 25 लाख रुपये के नुकसान का दावा किया और जल्द मरम्मत की मांग की।महापौर ने लीजधारक की बातों को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि जल्द से जल्द फाटक की मरम्मत कराई जाएगी। महापौर ने कहा कि डैम की सुरक्षा और रखरखाव को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों और जल संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जा सके।



महापौर अरविंद कुमार राणा ने कहा कि छडवा डैम हजारीबाग के लिए एक महत्वपूर्ण जल स्रोत है और इसकी अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि मरम्मत कार्य में तेजी लाई जाए और पूरे डैम की निगरानी सुनिश्चित की जाए। 



निरीक्षण के दौरान और स्थानीय लोगों ने भी महापौर अरविन्द कुमार राणा से जल संकट को लेकर अपनी चिंताएं साझा कीं। महापौर ने उन्हें भरोसा दिलाया कि नगर निगम और जिला प्रशासन मिलकर जल्द समाधान निकालेंगे।


ट्रेंडिंग