पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
देवघर।भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए देवघर जिला युवा कांग्रेस ने जनसेवा की पहल शुरू की है। गुरुवार को फब्बारा चौक पर जिलाध्यक्ष आशीष भारद्वाज के नेतृत्व में राहगीरों के बीच शीतल पेयजल,लस्सी,फ्रूटी और बिस्किट का वितरण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने किया।
राजनीति का मूल उद्देश्य जनसेवा
प्रेस को संबोधित करते हुए विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि राजनीति का असली मकसद जनता की सेवा करना है। इस चिलचिलाती धूप में युवा कांग्रेस का यह प्रयास सराहनीय है। प्रदीप यादव ने विश्वास दिलाया कि जनसेवा का यह अभियान शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर निरंतर जारी रहेगा।
चुनाव आयोग बना केंद्र की कठपुतली
कार्यक्रम के दौरान विधायक प्रदीप यादव ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। प्रदीप यादव ने आरोप लगाया कि निष्पक्ष चुनाव कराने की जिम्मेदारी जिस आयोग पर है, वह केंद्र की एक विंग के रूप में काम कर रहा है। मतदाता सूची से लाखों नाम काटे जाने और केंद्रीय एजेंसियों द्वारा विपक्षी नेताओं को परेशान किए जाने को उन्होंने लोकतंत्र के लिए घातक बताया। प्रदीप यादव ने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री अब राहुल गांधी की लोकप्रियता देख उनकी नकल करने का विफल प्रयास कर रहे हैं।
इनकी रही मौजूदगी
इस मौके पर मुख्य रूप से डॉक्टर मुन्नम संजय, प्रोफेसर उदय प्रकाश,जिला महासचिव दिनेश कुमार मंडल, नगर अध्यक्ष रवि केसरी, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रवि वर्मा, सैफ दानिश, मणिकांत यादव, सूरज कुमार शाह, आदर्श केशरी सहित दर्जनों कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित थे।