उपायुक्त ने मैट्रिक व इंटरमीडिएट परीक्षा के मेधावी छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित
समाहरणालय सभागार में उपायुक्त ने विद्यार्थियों का बढ़ाया मनोबल,दी शुभकामनाएं
पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
चतरा।झारखंड शिक्षा परियोजना चतरा के अंतर्गत समग्र शिक्षा अभियान के तत्वावधान में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में मैट्रिक और इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में एक समारोह का आयोजन किया गया।इस कार्यक्रम में चतरा उपायुक्त रवि आनंद द्वारा जिला और प्रखंड स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार दें कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर उपायुक्त रवि आनंद ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सफलता कठिन परिश्रम,अनुशासन एवं निरंतर प्रयास का परिणाम होती है। उपायुक्त ने छात्र-छात्राओं को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर आगे बढ़ने का संदेश देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। साथ ही अभिभावकों एवं शिक्षकों के योगदान की भी सराहना की।
उल्लेखनीय है कि माध्यमिक परीक्षा में चतरा जिले से कुल 17,577 छात्र-छात्राएं सम्मिलित हुए थे,जिनमें से 16,031 छात्र-छात्राओं ने सफलता प्राप्त की। जिले का कुल सफलता प्रतिशत 91.20 प्रतिशत रहा। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में कला संकाय के 8,787 परीक्षार्थियों में से 8,420, वाणिज्य संकाय के 138 में से 134 और विज्ञान संकाय के 2,985 में से 2,454 छात्र-छात्राएं सफल घोषित हुए। इंटरमीडिएट कला संकाय का सफलता प्रतिशत 95.82 प्रतिशत, वाणिज्य संकाय का 97 प्रतिशत तथा विज्ञान संकाय का 82.2 प्रतिशत रहा।
इंटरमीडिएट कला संकाय में जेबीवीबी मयूरहंड की वर्षा कुमारी ने 450 अंक (90 प्रतिशत) प्राप्त कर जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। विज्ञान संकाय में एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय सिमरिया की आकांक्षा कुमारी ने 481 अंक (96.2 प्रतिशत) प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं वाणिज्य संकाय में केजीबीवी इटखोरी की आकांक्षा कुमारी ने 436 अंक (87.2 प्रतिशत) प्राप्त कर जिला टॉपर का स्थान हासिल किया।
इस अवसर पर उपविकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी-सह-जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, जिला जनसंर्क पदाधिकारी शकील अहमद, झारखंड शिक्षा परियोजना, जिला शिक्षा अधीक्षक सहित संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण, सफल छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम का सफल आयोजन झारखंड शिक्षा परियोजना चतरा द्वारा समग्र शिक्षा अभियान अंतर्गत किया गया।