पूर्वांचल सूर्य संवाददाता
रांची।मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मंगलवार को स्वास्थ्य,चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की समीक्षा की। सीएम ने सरकारी अस्पतालों की बुनियादी ढांचे, दवाओं की उपलब्धता, स्वास्थ्य सेवाओं की डिजिटल मॉनिटरिंग की व्यवस्था और विभिन्न स्वास्थ्य संबंधित योजनाओं के संचालन की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
सीएम हेमंत सोरेन ने राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, अस्पतालों के विकास,चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता एवं स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और स्वास्थ्य संरचना से जुड़े विभिन्न कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। सीएम सोरेन ने अधिकारियों से कहा कि राज्य के प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण,सस्ती एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि स्वास्थ्य,चिकित्सा एवं परिवार कल्याण विभाग काफी महत्वपूर्ण विभाग है। यह विभाग सीधे तौर पर आम जनमानस से जुड़ा हुआ है,अतएव यह जरूरी है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक राज्य सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाई जाए। सीएम सोरेन ने अधिकारियों से कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक तकनीक और बेहतर गुणवत्ता से जोड़ते हुए प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।सीएम सोरेन ने राज्य के भीतर बच्चे सहित सभी का हेल्थ प्रोफाइल सिस्टम तैयार करने का निर्देश अधिकारियों को दिया।बैठक में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के मंत्री डॉ.इरफान अंसारी भी उपस्थित थे।
सीएम हेमंत ने सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने,मरीजों को समय पर उपचार कराने और अस्पतालों में स्वच्छता एवं आवश्यक सुविधाएं सुदृढ़ करने पर बल दिया।सीएम सोरेन ने आपातकालीन सेवाओं को लेकर गंभीरता दिखाई। सीएम सोरेन ने कहा कि सभी अस्पतालों में आपातकालीन सेवाएं, उच्च कोटि के दवाओं की उपलब्धता एवं जांच सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।सीएम सोरेन ने
कोडरमा,बोकारो,चाईबासा,दुमका,जमशेदपुर,हजारीबाग आदि जिलों में निर्माणाधीन राजकीय चिकित्सा महाविद्याल के कार्य प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यो में तेजी लाकर शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया।
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा राज्य में मुख्यमंत्री अबुआ दवाखाना की स्थापना एवं संचालन की जायेगी।यह एकीकृत औषधि केन्द्र होगा,जिसका संचालन आयुष्मान आरोग्य मंदिर में होगा।अबुआ दवाखाना से ग्रामीण जनता को एलोपैथी, आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी एवं सिद्ध प्रणाली की आवश्यक औषधियां एक ही स्थान पर सुलभता पूर्वक नि:शुल्क उपलब्ध कराई जायेंगी। सीएम सोरेन ने ब्लड बैंक की व्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी तरह के टॉल फ्री और हेल्पलाइन नंबरों को एआई वेस्ड करने का निर्देश दिया।
बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार,अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग अजय कुमार सिंह,विशेष सचिव स्वास्थ्य,चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग नेहा अरोड़ा,एमडी एनएचएम शशि प्रकाश झा,अपर सचिव स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण शशि प्रकाश सिंह सहित अन्य वरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे।