चौपारण थाने में आज होगा थाना दिवस का आयोजन, निपटाई जाएगी लोगों की समस्याएं

चौपारण थाने में आज होगा थाना दिवस का आयोजन, निपटाई जाएगी लोगों की समस्याएं

30 May 2026 |  15

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि 



चौपारण/हजारीबाग।थाना क्षेत्र के लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और जमीन विवादों के निष्पादन को लेकर प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल शुरू की है।उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार प्रत्येक शनिवार को थाना परिसर में थाना दिवस आयोजित किया जाएगा।इसी क्रम में आज शनिवार सुबह 11 बजे चौपारण थाना परिसर में थाना दिवस का आयोजन होगा।



थाना दिवस में मुख्य रूप से जमीन संबंधी विवाद,सीमांकन, दाखिल खारिज,आपसी विवाद और अन्य स्थानीय समस्याओं की सुनवाई की जाएगी। थाना दिवस में अंचलाधिकारी संजय यादव,थाना प्रभारी पंकज कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे।



अंचलाधिकारी संजय यादव ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान करना है। उन्होंने कहा कि जमीन विवाद से जुड़े मामलों में लोग आवश्यक कागजात के साथ थाना दिवस में पहुंचें, ताकि समस्याओं का शीघ्र निष्पादन किया जा सके।



थाना प्रभारी पंकज कुमार ने कहा कि थाना दिवस आम जनता और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। छोटे-छोटे विवाद समय पर सुलझ जाएं, इसके लिए लोगों को अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी बात प्रशासन के समक्ष रखनी चाहिए।



प्रशासन ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण वातावरण में थाना दिवस में भाग लेकर अपनी समस्याओं का समाधान करवाएं। अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से ग्रामीणों को अनावश्यक दौड़भाग से राहत मिलेगी और कई मामलों का निपटारा मौके पर ही संभव हो।


ट्रेंडिंग