पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
बड़कागांव।प्रखंड में तीन दिवसीय पल्स पोलियो उन्मूलन अभियान का शुभारंभ रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़कागांव में किया गया।कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर अविनाश कुमार ने फीता काटकर और नन्हे बच्चों को पोलियो रोधी दवा की खुराक पिलाकर किया।
इस अवसर पर डॉक्टर अविनाश कुमार ने बताया कि अभियान के तहत प्रखंड में जन्म से लेकर 5 वर्ष तक के कुल 24,865 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पहले दिन 28 पर्यवेक्षकों की देखरेख में 127 बूथों पर 257 सहिया, 157 सेविका एवं 94 स्वयंसेवकों की तैनाती की गई। अभियान के पहले दिन 22,889 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई।
डाॅ. अविनाश कुमार ने बताया कि 29 एवं 30 जून को घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी, जो किसी कारणवश पहले दिन बूथों तक नहीं पहुंच सके। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं।
इस मौके पर डॉ. प्रकाश, डॉ. मधुर मोहन, डॉ. सर्वोत्तम भास्कर, डॉ. किरण, डॉ. इंद्रदेव, एचएम सह बीपीएम मृत्युंजय सिंह, बीडीएम विश्वजीत कुमार, सीसीएच संजय कुमार, एएनएम , सहिया साथी सहित स्वास्थ्य विभाग के अनेक अधिकारी, कर्मचारी एवं स्वयंसेवक अभियान को सफल बनाने में सक्रिय रूप से जुटे रहे।