राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर सियासत:राम मंद‍िर से दूरी बनाने वाली कांग्रेस जाएगी अयोध्‍या,सांसद-‍व‍िधायक करेंगे रामलला का दर्शन

राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर सियासत:राम मंद‍िर से दूरी बनाने वाली कांग्रेस जाएगी अयोध्‍या,सांसद-‍व‍िधायक करेंगे रामलला का दर्शन

29 Jun 2026 |  6

 



लखनऊ।राम मंदिर में चढ़ावा चोरी को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है।विपक्ष लगातार योगी और केंद्र की मोदी सरकार को निशाना बना रहा है।कांग्रेस ने चढ़ावा चोरी मामले को लेकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश कांग्रेस का एक बेहद शक्तिशाली और हाई-लेवल प्रतिनिधिमंडल कल 30 जून को अयोध्या का दौरा करेगा।इससे यूपी की सियासत में हड़कंप मच गया है।



कल रामलाला का दर्शन करने पहुंचेगा कांग्रेस का प्रतिनिधि मंडल.



उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी किए गए एक आधिकारिक पत्र के मुताबिक यह प्रतिनिधिमंडल 30 जून को सुबह 9:00 बजे लखनऊ के कांग्रेस कार्यालय से प्रस्थान करेगा।यह प्रतिनिधिमंडल सुबह 11 बजे तक अयोध्या पहुंचेगा।यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में जाने वाला यह प्रतिनिधिमंडल अयोध्या पहुंचकर सबसे पहले राम मंदिर में दर्शन-पूजन करेगा।कांग्रेस नेताओं का कहना है कि वे वहां जाकर जनकल्याण और प्रदेश की खुशहाली की कामना करेंगे।इस संबंध में यूपी कांग्रेस कमेटी ने आधिकारिक पत्र जारी कर अयोध्या के पुलिस-प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पहले ही सूचित कर दिया है।



प्रतिनिधिमंडल में शामिल हैं कांग्रेस के ये दिग्गज



इस वीआईपी प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस के कई बड़े सांसद, विधायक और वरिष्ठ नेता शामिल हो रहे हैं।सूची के मुताबिक इसमें अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा, सीतापुर सांसद राकेश राठौर, प्रयागराज सांसद उज्ज्वल रमण सिंह, बाराबंकी सांसद तनुज पुनिया,फरेंदा-महराजगंज विधायक वीरेन्द्र चौधरी, वरिष्ठ नेता पीएल पुनिया,पूर्व एमएलसी दीपक सिंह,पूर्व सांसद एपी गौतम और पूर्व विधायक मीता गौतम जैसी तमाम बड़ी हस्तियां अयोध्या जा रही हैं।



सिटिंग जज से जांच कराने की मांग



अमेठी से कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा ने इस पूरे मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तीखा हमला बोला है।अमेठी कांग्रेस कार्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शर्मा ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपों की एक व्यापक और उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग उठाई। किशोरी लाल शर्मा ने दो टूक शब्दों में कहा कि इस पूरे कथित घोटाले की जांच कोर्ट के किसी सिटिंग जज की अध्यक्षता में कमेटी बनाकर कराई जानी चाहिए। किशोरी लाल ने मांग की कि इस जांच कमेटी का दायरा बेहद व्यापक होना चाहिए और उसके पास असीमित शक्तियां होनी चाहिए।कमेटी इतनी स्वतंत्र हो कि वह किसी भी ऊंचे पद पर बैठे व्यक्ति से बिना किसी डर या दबाव के पूछताछ कर सके। किशोरी लाल ने तंज कसते हुए कहा कि अगर सरकार ऐसा करती है, तभी यह माना जाएगा कि वह वाकई में सही दोषियों को पकड़ना चाहती है, वरना यह सिर्फ लीपापोती बनकर रह जाएगा।


ट्रेंडिंग