19 जुलाई को तीन पालियों में आयोजित होगी झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा

19 जुलाई को तीन पालियों में आयोजित होगी झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा

18 Jul 2026 |  31

19 जुलाई को तीन पालियों में आयोजित होगी झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा



कदाचारमुक्त,निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन को लेकर जिला प्रशासन तैयार



पूर्वांचल सूर्य संवाददाता



पाकुड़।झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा 2024 के सफल,निष्पक्ष,शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।इसी क्रम में उप विकास आयुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी,जिला आपूर्ति पदाधिकारी और जिला शिक्षा पदाधिकारी के साथ जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था,पेयजल,शौचालय,विद्युत और प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी,सुरक्षा प्रबंध,प्रवेश एवं निकास मार्ग, नियंत्रण कक्ष तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया गया।अधिकारियों ने केंद्राधीक्षकों को आयोग द्वारा जारी सभी दिशा- निर्देशों का शत- प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने और परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया। 



उप विकास आयुक्त ने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता, गोपनीयता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों को आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।



उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा के दौरान कदाचार, अनुचित साधनों के प्रयोग अथवा नियमों के उल्लंघन के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखते हुए आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षा का संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।



जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा तिथि को निर्धारित समय से पूर्व अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंचें, प्रवेश पत्र एवं आवश्यक पहचान पत्र साथ रखें तथा आयोग द्वारा प्रतिबंधित किसी भी सामग्री को परीक्षा केंद्र में लेकर न आएं। सभी अभ्यर्थियों से परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन करने का आग्रह किया गया है।



उल्लेखनीय है कि झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 का आयोजन 19 जुलाई (रविवार) को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर तीन पालियों में किया जाएगा। परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी प्रशासनिक एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं सुदृढ़ कर ली गई हैं, ताकि प्रत्येक अभ्यर्थी को पारदर्शी, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।


ट्रेंडिंग