राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित

राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित

18 Jul 2026 |  13

 



पूर्वांचल सूर्य संवाददाता



पाकुड़।जिले में किशोर स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरकेएसके) के अंतर्गत सदर अस्पताल के सभागार में जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का आयोजन जिला स्वास्थ्य समिति एवं पिरामल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।कार्यशाला में स्वास्थ्य विभाग,महिला एवं बाल विकास विभाग (आईसीडीएस), नेहरू युवा केंद्र संगठन,शिक्षा विभाग और जिला बाल संरक्षण इकाई के प्रतिनिधियों ने सहभागिता करते हुए किशोर स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार- विमर्श किया।प्रतिभागियों ने किशोरों के समग्र विकास के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय और साझेदारी की आवश्यकता पर बल दिया।



कार्यक्रम में जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉक्टर एसके झा,जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉक्टर कौशल किशोर सहित पिरामल फाउंडेशन के प्रणव झा, विवेक कुमार और परीक्षित मुंडा उपस्थित रहे।उन्मुखीकरण कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरकेएसके) के उद्देश्यों, क्रियान्वयन रणनीतियों एवं जिला स्तर पर इसके प्रभावी संचालन पर विस्तृत जानकारी साझा की गई। साथ ही प्रोजेक्ट सशक्त के माध्यम से किशोर- किशोरियों को सशक्त बनाने की पहल तथा जिला स्तर पर किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रमों की कार्ययोजना तैयार करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। 



इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि किशोरावस्था जीवन का महत्वपूर्ण चरण है,इसलिए पोषण,मानसिक स्वास्थ्य,प्रजनन और यौन स्वास्थ्य,नशामुक्ति,जीवन कौशल शिक्षा तथा व्यवहार परिवर्तन जैसे विषयों पर समन्वित एवं सतत प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने समुदाय की सक्रिय भागीदारी और युवाओं को कार्यक्रमों से जोड़ने पर विशेष बल दिया, ताकि किशोरों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं एवं आवश्यक जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा सके।



कार्यशाला के माध्यम से संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन को गति देने और जिले में किशोर- किशोरियों के समग्र स्वास्थ्य और सशक्तिकरण की दिशा में ठोस पहल करने का संकल्प दोहराया गया।


ट्रेंडिंग