उपायुक्त ने की शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक,शैक्षणिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के दिए निर्देश

उपायुक्त ने की शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक,शैक्षणिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के दिए निर्देश

23 Aug 2026 |  9

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि



चतरा।समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में शनिवार को उपायुक्त  रवि आनंद की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में जिले में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों,विद्यालयों की प्रगति,योजनाओं के क्रियान्वयन और विभिन्न शैक्षणिक मानकों की प्रखंडवार समीक्षा की गई।



समीक्षा के दौरान ओवरऑल रैंकिंग में अपेक्षाकृत खराब प्रदर्शन करने वाले हंटरगंज एवं लावालौंग प्रखंडों के प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई हेतु पत्र प्रेषित करने का निर्देश दिया गया।वहीं प्रतापपुर के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी अजय कुमार दास एवं हंटरगंज के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी संदीप कुमार से कारण-पृच्छा करते हुए नियमानुसार विभागीय कार्रवाई हेतु आवश्यक प्रक्रिया प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया। चतरा प्रखंड के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी से भी कारण-पृच्छा करने का निर्देश दिया गया।



बैठक में प्रखंडों में उपलब्ध विद्यालय संकुल संसाधन केंद्रों की संख्या की तुलना में अधिक संकुल साधनसेवी पाए जाने की स्थिति में युक्तिकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।



पीएम श्री विद्यालयों से संबंधित लंबित डाटा को एक सप्ताह के भीतर पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया। स्टूडेंट प्रोग्रेशन में धीमी प्रगति पर उपायुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित संकुल साधनसेवियों को अगली बैठक से पूर्व विद्यालय स्तर पर आवश्यक कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया।



बैठक के दौरान कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं झारखंड बालिका आवासीय विद्यालयों में साफ-सफाई एवं छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया। भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए भोजन परोसने से पूर्व संबंधित शिक्षक/शिक्षिका द्वारा स्वयं भोजन की गुणवत्ता की जांच करने को कहा गया।



उपायुक्त रवि आनंद ने विद्यालयों में उपलब्ध सेफ्टी एड किट में रखी दवाओं की एक्सपायरी तिथि की नियमित जांच, पेयजल की जांच, शौचालय एवं रसोईघर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में उपलब्ध कराई गई सामग्रियों को क्रियाशील रखते हुए उनका समुचित लाभ छात्राओं एवं विद्यार्थियों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।



बैठक में मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त रवि आनंद ने आगामी शैक्षणिक सत्र में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के लिए अभी से कार्ययोजना के अनुरूप तैयारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने वर्ष 2027 की मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में जिले को राज्य के टॉप-05 में स्थान दिलाने के उद्देश्य से सभी उच्च एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में रिमेडियल क्लास, स्व-अध्ययन एवं नियमित मूल्यांकन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।



उपायुक्त रवि आनंद ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बेहतर प्रदर्शन करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित किए जाने की बात भी कही।



उपायुक्त ने सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों, सीआरपी एवं बीआरपी को नियमित रूप से विद्यालयों का अनुश्रवण करते हुए शैक्षणिक व्यवस्था में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।



बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी कंचन कुमारी, जिला शिक्षा अधीक्षक रामजी कुमार, क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी अम्बुज राज लक्ष्मी, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार, जिले के सभी प्रखंडों के प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की वार्डेन उपस्थित थीं।


ट्रेंडिंग