राजमहल के छात्र का NEET में चयन,MBBS में लेंगे प्रवेश

राजमहल के छात्र का NEET में चयन,MBBS में लेंगे प्रवेश

18 Jul 2026 |  28

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि



साहिबगंज।मॉडल कॉलेज राजमहल के लिए एक बार फिर गर्व का पल आता है।कॉलेज में अध्ययनरत छात्र महमूद रज़ा ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर MBBS पाठ्यक्रम में चयनित होकर महाविद्यालय, परिवार और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।महमूद रज़ा राजमहल प्रखंड के मनसिंघा गांव के रहने हैं।इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर महाविद्यालय परिसर में महमूद रज़ा को सम्मानित किया गया। प्राचार्य डॉक्टर रणजीत कुमार सिंह ने उन्हें पुष्पगुच्छ और सम्मान पत्र देकर बधाई दी।



प्राचार्य डॉक्टर रणजीत सिंह ने कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता,जो विद्यार्थी कठिन परिश्रम, अनुशासन, धैर्य और दृढ़ संकल्प के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ते हैं,सफलता उनके कदम चूमती है। महमूद की यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा है।उन्होंने विश्वास जताया कि महमूद आगे चलकर एक कुशल और संवेदनशील चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेंगे और जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।



सम्मान के बाद महमूद रज़ा ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और महाविद्यालय के शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि नियमित अध्ययन,आत्मविश्वास और निरंतर अभ्यास ही उनकी सफलता का आधार रहा। महमूद के पिता मोहम्मद सिराजुद्दीन ने कॉलेज परिवार और प्राचार्य का आभार जताते हुए कहा कि इस तरह का सम्मान छात्रों का मनोबल बढ़ाता है और उनकी प्रतिभा को पहचान मिलती है।



महमूद रजा की इस उपलब्धि से पूरे महाविद्यालय में उत्साह का माहौल है।शिक्षकों,कर्मचारियों और छात्रों ने महमूद को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी को उम्मीद है कि महमूद की सफलता से अन्य विद्यार्थी भी प्रेरित होंगे और संस्थान का नाम रोशन करेंगे।


ट्रेंडिंग