प्रखंड स्तरीय नव शिक्षु चालक अनुज्ञप्ति शिविर में 50 आवेदकों को मिला लर्नर लाइसेंस

प्रखंड स्तरीय नव शिक्षु चालक अनुज्ञप्ति शिविर में 50 आवेदकों को मिला लर्नर लाइसेंस

18 Jul 2026 |  25

 



पूर्वांचल सूर्य संवाददाता



पाकुड़। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ के निर्देश और उपायुक्त मेघा भारद्वाज के मार्गदर्शन में जिला परिवहन कार्यालय द्वारा प्रखंड एवं अंचल स्तर पर नवशिक्षु चालक अनुज्ञप्ति शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।इसका उद्देश्य आम लोगों और वाहन चालकों को वैध ड्राइविंग लाइसेंस के प्रति जागरूक करना और लाइसेंस निर्माण प्रक्रिया को सरल,सुगम एवं पारदर्शी बनाना है। इसी क्रम में महेशपुर अंचल में आयोजित दो दिवसीय शिविर के पहले दिन कुल 50 आवेदन प्राप्त हुए।जिला परिवहन कार्यालय द्वारा सभी आवेदनों का त्वरित निष्पादन करते हुए निर्धारित ऑनलाइन परीक्षा में सफल सभी 50 आवेदकों को नवशिक्षु चालक अनुज्ञप्ति (लर्नर लाइसेंस) प्रदान किया गया। 



लर्नर लाइसेंस का वितरण प्रखंड विकास पदाधिकारी महेशपुर डॉक्टर सिद्धार्थ शंकर यादव और अंचलाधिकारी संजय कुमार सिन्हा के द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों से शिविर का लाभ उठाने और अधिक से अधिक लोगों को इसकी जानकारी देकर जागरूक करने की अपील की गई।



शिविर के दौरान सभी आवेदकों एवं आम लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया। उन्हें वाहन चलाते समय वैध ड्राइविंग लाइसेंस रखने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन अपनाने की सलाह दी गई।इसके अलावा हिट एंड रन मुआवजा योजना, गुड सेमेरिटन योजना, कैशलेस उपचार सुविधा और सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित अन्य सरकारी प्रावधानों एवं आपदा प्रबंधन से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देते हुए इनके लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया। 



जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मोजाहिद अंसारी ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से आगामी प्रखंड और पंचायत स्तरीय शिविरों का लाभ उठाकर अपना ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवस्था के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की। 



शिविर में प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉक्टर सिद्धार्थ शंकर यादव, अंचलाधिकारी महेशपुर संजय कुमार सिन्हा, वरीय प्रधान लिपिक बरियार हेंब्रम, सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य और कर्मी उपस्थित थे।


ट्रेंडिंग