स्वामी विवेकानंद स्कूल का वाहन दुर्घटनाग्रस्त,पांच बच्चे गंभीर रूप से घायल,एक रांची रेफर

स्वामी विवेकानंद स्कूल का वाहन दुर्घटनाग्रस्त,पांच बच्चे गंभीर रूप से घायल,एक रांची रेफर

20 Oct 2024 |  17

स्वामी विवेकानंद स्कूल का वाहन दुर्घटनाग्रस्त,पांच बच्चे गंभीर रूप से घायल,एक रांची रेफर

 

सड़क दुर्घटना की जानकारी मिलने पर घटना स्थल पर पहुंचे पूर्व विधायक मनोज यादव, घटना की ली जानकारी

 

विपरीत दिशा से जा रही स्कूल वैन ट्रेलर से जा टकराई, विद्यालय प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप

 

पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,बरही। बरही थाना क्षेत्र के खोड़ाहर स्थित चार माइल कदवा के पास शनिवार को स्वामी विवेकानंद स्कूल के बच्चों से भरा एक टाटा मैजिक ट्रेलर से टकरा गया, जिसमें पांच बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायल बच्चों को हज़ारीबाग के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बच्चें काफी बुरी तरह घायल हो गए है। वहीं एक बच्चे को रांची रेफर कर दिया गया है। 

 

प्रमुख मनोज रजक और उपमुखिया रोहित यादव ने बताया कि स्कूल की वैन कदवा से बच्चों को छोड़कर वितरित दिशा से पांच माइल की ओर आ रही थी और इसी कारण ट्रेलर से टकरा गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि स्कूल वाहन की सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं थे। गंभीर लापरवाही की वजह से यह दुर्घटना हुई, जिससे बच्चों की जान पर बन आई। दुर्घटना की खबर सुनकर पूर्व विधायक मनोज कुमार यादव तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

 

इस दुर्घटना के बाद स्कूल प्रशासन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल वाहन की स्थिति ठीक नहीं थी और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि वैन में जरूरत से ज्यादा बच्चों को बैठाया गया था,जिससे संतुलन बिगड़ने की आशंका बनी रहती है। 

 

उपमुखिया रोहित यादव ने बताया कि कुछ दिन पूर्व ही सुरक्षा मानकों को लेकर उन्होंने विद्यालय को आगाह किया था। उन्होंने बताया कि इसमें पूर्ण रूप से स्कूल प्रशासन की लापरवाही है।वहीं बच्चों के इलाज के लिए मदद में लगे रहे। उन्होंने सभी बच्चों की जल्द स्वस्थ होने की कामना की। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और उन्होंने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

 

 बरही क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं में हो रही वृद्धि ने अभिभावकों के बीच डर और चिंता का माहौल बना दिया है। कई अभिभावकों ने प्रशासन से यह सुनिश्चित करने की मांग की है कि स्कूल वाहनों के लिए सख्त सुरक्षा मानकों का पालन किया जाए और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो।

 

दुर्घटना में अपलिसी कश्यप (12 वर्ष), आलेख टोप्पो (11 वर्ष), अनुज टोप्पो (7 वर्ष), कोमल कुमारी (12 वर्ष, कुंडवा), इशांत कुमार (12 वर्ष, दौरवा)। इशांत कुमार को गंभीर हालत में रांची रेफर कर दिया गया है। इस दुर्घटना ने एक बार फिर स्कूल वाहनों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता पैदा कर दी है। स्थानीय निवासियों और अभिभावकों ने इस घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और प्रशासन की लापरवाही के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वे चाहते हैं कि प्रशासनिक अधिकारी इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करें और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाएं। 

 

बरही क्षेत्र में आए दिन हो रही इस तरह की घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। अभिभावक अब अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और वे उम्मीद कर रहे हैं कि प्रशासन जल्द से जल्द प्रभावी कदम उठाए ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक दुर्घटनाओं से बचाया जा सके। वहीं इस घटना के संबंध में विद्यालय प्रशासन से जानकारी लेने का प्रयास किया गया पर संपर्क नही हो पाया।

ट्रेंडिंग