बीडीओ संदीप कुमार की अध्यक्षता में मनरेगा व आवास योजनाओं की समीक्षा

बीडीओ संदीप कुमार की अध्यक्षता में मनरेगा व आवास योजनाओं की समीक्षा

07 Feb 2026 |  30

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,लातेहार।मनिका प्रखंड कार्यालय सभागार में शुक्रवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी संदीप कुमार की अध्यक्षता में मनरेगा योजना,प्रधानमंत्री आवास योजना और अबुआ आवास योजना की प्रखंड स्तरीय समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।बैठक का उद्देश्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा,लंबित कार्यों के शीघ्र निष्पादन और लाभुकों को समय पर लाभ सुनिश्चित करना था। 



बैठक के दौरान बीडीओ संदीप कुमार ने मनरेगा के तहत संचालित योजनाओं की पंचायतवार समीक्षा करते हुए कार्यों की गुणवत्ता,मजदूरों की उपस्थिति, मास्टर रोल,जॉब कार्ड सत्यापन और समय पर मजदूरी भुगतान पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी स्थिति में मजदूरी भुगतान में अनावश्यक विलंब न हो तथा कार्यस्थलों पर आवश्यक सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं। 



प्रधानमंत्री आवास योजना और अबुआ आवास योजना की समीक्षा के क्रम में बीडीओ ने स्वीकृत आवासों की प्रगति, लंबित किस्तों के भुगतान, जियो टैगिंग, निर्माण गुणवत्ता और पूर्णता की स्थिति की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि अपूर्ण आवासों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए तथा पात्र लाभुकों को शीघ्र लाभ दिलाया जाए। साथ ही अपात्र लाभुकों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया। 



बैठक में यह भी कहा गया कि सभी पंचायतों में नियमित मॉनिटरिंग करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। बीडीओ ने लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। 



समीक्षा बैठक में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी,पंचायत सचिव, रोजगार सेवक,कनीय अभियंता सहित संबंधित विभागों के कर्मी उपस्थित थे।


ट्रेंडिंग