पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,बड़कागांव।अदाणी फाउंडेशन की ओर से टीबी पोषक आहार वितरण कार्यक्रम के पांचवें चरण के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार को 80 मरीजों के बीच पोषण किट वितरित किए गए। इसका उद्देश्य मरीजों के उपचार और शीघ्र स्वस्थ होने की प्रक्रिया को मजबूती प्रदान करना था।शिविर का आयोजन चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर अंजू प्रभा की उपस्थिति में किया गया,जिसमें सीएसआर टीम ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
लाभार्थियों को संबोधित करते हुए डॉक्टर अंजू प्रभा ने टीबी रोग के लक्षण,बचाव के उपाय और उपचार अवधि में संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने नियमित दवा सेवन और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच की आवश्यकता पर विशेष बल दिया,जिससे पूर्ण रूप से स्वस्थ होने में सहायता मिल सके।
शिविर के दौरान टीबी जागरूकता,सावधानियों और पोषण संबंधी मार्गदर्शन से संबंधित सूचना-पत्र भी मरीजों के बीच वितरित किए गए, ताकि दी गई जानकारियों को वे व्यवहार में ला सकें।कार्यक्रम के अंत में यह भी घोषणा की गई कि इस चरण का अगला और अंतिम शिविर 17 मार्च को आयोजित किया जाएगा। सभी लाभार्थियों को समय पर उपस्थित होकर सहयोग और मार्गदर्शन प्राप्त करने की सलाह दी गई।
अदाणी फाउंडेशन की ओर से बड़कागांव क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा,आजीविका संवर्धन और सामुदायिक विकास से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इनमें स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन,पोषण और जागरूकता अभियान,स्कूलों में शैक्षणिक सहयोग,महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम और कौशल विकास प्रशिक्षण जैसी पहल शामिल हैं।