झारखंड का चौथा स्तंभ लहूलुहान,सत्ता के संरक्षण और तंत्र की बेरुखी के बीच उठने लगी सुरक्षा की मांग 

झारखंड का चौथा स्तंभ लहूलुहान,सत्ता के संरक्षण और तंत्र की बेरुखी के बीच उठने लगी सुरक्षा की मांग 

14 Mar 2026 |  12

 



ब्यूरो प्रमुख 



चाईबासा।पिछले ढाई दशकों में झारखंड ने विकास की कई इबारतें लिखीं,लेकिन उस इबारत को जनता तक पहुंचाने वाली कलम आज खुद को असुरक्षित और उपेक्षित महसूस कर रही है।कोयले की कालिमा से लेकर राजनीति के गलियारों तक की जोखिम भरी रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकारों के सामने आज अपनी ही सुरक्षा और भविष्य एक यक्ष प्रश्न बनकर खड़ा है।



 कल्याण यात्रा पत्रिका के माध्यम से हुंकार



झारखंड जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन (जेजेडब्लुए) के बैनर तले पत्रकारों की जायज मांगों को लेकर निर्णायक मुहिम छेड़ी गई है।इसी क्रम में एसोसिएशन द्वारा कल्याण यात्रा पत्रिका की प्रति साझा कर सत्ता के गलियारों तक अपनी आवाज पहुंचाई गई।पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के कैबिनेट मंत्री दीपक बिरुआ,कांग्रेस के सचेतक व विधायक सोनाराम सिंकु,मंझगांव विधायक निरल पूर्ति और पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा को पत्रिका की प्रति सौंपकर पत्रकारों की दयनीय स्थिति और सुरक्षा कानून की आवश्यकता से अवगत कराया।



सुधारों का आधा-अधूरा सच और कागजी पेचीदगियां



भले ही राज्य में पत्रकार सम्मान पेंशन और स्वास्थ्य बीमा जैसी योजनाओं की नींव रखी गई,लेकिन वर्तमान में ये योजनाएं कागजी पेचीदगियों में उलझकर रह गई हैं। आंदोलनरत पत्रकारों का कहना है कि पेंशन का सरलीकरण हो,अनुभव को मानक बनाया जाए,न कि केवल सरकारी मान्यता की कठिन शर्तों को।आंचलिक पत्रकारों की उपेक्षा बंद हो,चाईबासा,पलामू और साहेबगंज जैसे क्षेत्रों के जमीनी पत्रकारों को भी सुरक्षा कवच मिले।



पत्रकार सुरक्षा कानून,समय की मांग



खनिज माफिया और भ्रष्टाचार के खिलाफ लिखना आज राज्य में जान जोखिम में डालने जैसा है।पत्रकारों पर बढ़ते हमले और फर्जी मुकदमों के जरिए आवाज दबाने की कोशिशों ने चौथे स्तंभ को  आहत कर दिया है।एसोसिएशन की मुख्य मांग है कि पत्रकार सुरक्षा कानून' लागू कर पत्रकारों पर हमले को गैर-जमानती अपराध घोषित किया जाए।



सरकार को समझना होगा कि पत्रकार समाज का वह अलार्म है जो तंत्र के सोने पर उसे जगाता है। यदि अलार्म ही तोड़ दिया जाएगा, तो लोकतंत्र सुरक्षित कैसे रहेगा। -जितेंद्र ज्योतिषी प्रदेश अध्यक्ष जेजेडब्लुए


ट्रेंडिंग